Home / Chhattisgarh / धमतरी में मामूली विवाद पर पेचकस से हमला, दो युवकों को किया घायल; आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार

धमतरी में मामूली विवाद पर पेचकस से हमला, दो युवकों को किया घायल; आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार

धमतरी, 10 सितम्बर। जिले के ग्राम कंडेल में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गाली-गलौज और मारपीट के दौरान एक युवक ने नुकीले पेचकस से दो युवकों पर हमला कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही अर्जुनी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया नुकीला पेचकस भी बरामद कर जब्त किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार घटना 9 सितंबर 2026 की शाम करीब 7:30 बजे की है। प्रार्थी नीरज साहू अपने साथी सुरेन्द्र कुमार साहू और लुकेश यादव के साथ ग्राम कंडेल स्थित चबूतरे पर बैठा था। इसी दौरान सुरेन्द्र कुमार साहू पानी लेकर वापस लौट रहा था। तभी ग्राम कंडेल निवासी सौरभ साहू ने उसके साथ विवाद शुरू कर दिया और गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्का व लात से मारपीट करने लगा।

सुरेन्द्र के साथ मारपीट होते देख नीरज साहू बीच-बचाव करने के लिए पहुंचा। इसी दौरान आरोपी सौरभ साहू ने अपने पास रखे नुकीले पेचकस से नीरज के सिर के पिछले हिस्से पर वार कर दिया। नीरज के शोर मचाने पर उसका छोटा भाई कोपेश्वर साहू भी मौके पर मदद के लिए पहुंचा। आरोप है कि सौरभ ने कोपेश्वर के सिर और गाल पर भी पेचकस से हमला कर उसे घायल कर दिया। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया।

मामले की सूचना मिलने के बाद अर्जुनी थाना पुलिस ने तत्काल प्रार्थी की रिपोर्ट दर्ज कर अपराध क्रमांक 118/2026 के तहत बीएनएस की धारा 296, 115(2), 118(1) और 351(2) में अपराध पंजीबद्ध किया। इसके बाद पुलिस टीम ने घायलों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया, जिसमें नुकीली वस्तु से चोट लगने की पुष्टि हुई।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की तलाश शुरू की। उपलब्ध साक्ष्यों और घटनाक्रम के आधार पर लगातार दबिश देकर आरोपी सौरभ साहू को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। पूछताछ और विवेचना के दौरान आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल नुकीला पेचकस बरामद किया गया। पुलिस ने इसे गवाहों की मौजूदगी में विधिवत जब्त किया।

पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने सौरभ साहू, पिता दिलीप साहू, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम कंडेल, थाना अर्जुनी, जिला धमतरी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी की सूचना उसके परिजनों को दी गई। इसके बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

धमतरी पुलिस ने कहा है कि आपसी विवाद को हिंसक रूप देने, मारपीट करने और हथियारनुमा वस्तुओं से हमला करने जैसी घटनाओं को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में आपराधिक और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि इस तरह की घटनाओं की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *