Home / Chhattisgarh / कोरबा पुलिस की बड़ी पहल: CEIR पोर्टल से बरामद 110 गुम मोबाइल मालिकों को लौटाए, 8 माह में 400 से अधिक फोन बरामद

कोरबा पुलिस की बड़ी पहल: CEIR पोर्टल से बरामद 110 गुम मोबाइल मालिकों को लौटाए, 8 माह में 400 से अधिक फोन बरामद

कोरबा, 10 सितम्बर। जिले में आम नागरिकों के खोए या चोरी हुए मोबाइल फोन वापस दिलाने के लिए कोरबा पुलिस लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत साइबर पुलिस थाना कोरबा ने CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल की मदद से 110 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को वापस सौंपे हैं। बरामद मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत करीब 20.03 लाख रुपये बताई गई है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा नीतिश ठाकुर, नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी और डीएसपी रजत कुमार नाग के दिशा-निर्देशन तथा साइबर पुलिस थाना प्रभारी निरीक्षक ललित चंद्रा के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। साइबर पुलिस थाना कोरबा और जिले के विभिन्न थाना-चौकी स्टाफ के संयुक्त प्रयास से अलग-अलग जिलों और राज्यों में गुम हुए मोबाइलों को तकनीकी माध्यम से ट्रेस कर बरामद किया गया।

बरामद मोबाइलों में Apple, Samsung, Oppo, Vivo, Redmi, Realme और OnePlus सहित कई प्रमुख कंपनियों के फोन शामिल हैं। CEIR पोर्टल और तकनीकी सहायता के जरिए मोबाइलों की पहचान और लोकेशन का पता लगाकर उन्हें उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाया गया।

इस कार्रवाई में उप निरीक्षक अजय सोनवानी सहित साइबर टीम की विशेष भूमिका रही। मोबाइल फोन वापस मिलने पर नागरिकों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली। कई मोबाइल मालिकों ने कहा कि उन्हें अपने खोए फोन के वापस मिलने की उम्मीद नहीं थी, लेकिन पुलिस की तकनीकी कार्रवाई से उनका मोबाइल वापस मिल गया। नागरिकों ने कोरबा पुलिस और साइबर टीम का आभार जताते हुए कार्रवाई की सराहना की।

8 महीने में 400 से अधिक गुम मोबाइल बरामद

कोरबा साइबर पुलिस थाना द्वारा पिछले 8 महीनों में 400 से अधिक गुम मोबाइल फोन ट्रेस कर उनके वास्तविक स्वामियों को वापस दिलाए जा चुके हैं। पुलिस का कहना है कि तकनीकी संसाधनों और CEIR पोर्टल के प्रभावी इस्तेमाल से गुम और चोरी हुए मोबाइलों की बरामदगी में लगातार सफलता मिल रही है।

CEIR पोर्टल पर ऐसे दर्ज करें शिकायत

मोबाइल फोन गुम या चोरी होने की स्थिति में नागरिक CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर सकते हैं। इसके लिए पोर्टल पर जाकर “Block Stolen/Lost Mobile” विकल्प का चयन करना होगा। इसके बाद मोबाइल से संबंधित जानकारी, पुलिस शिकायत की कॉपी, पहचान पत्र और मोबाइल बिल जैसी आवश्यक जानकारी अपलोड कर आवेदन जमा किया जा सकता है। आवेदन के बाद पुलिस और टेलीकॉम कंपनियों की तकनीकी सहायता से मोबाइल को ट्रैक करने की कार्रवाई की जाती है।

कोरबा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम अथवा चोरी होने पर तत्काल नजदीकी थाना या साइबर पुलिस थाना में सूचना दें और CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें। इससे मोबाइल की जल्द पहचान और बरामदगी में मदद मिल सकती है।

पुलिस ने साइबर फ्रॉड के मामलों में लोगों से तुरंत 1930 पर कॉल करने और cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करने की अपील की है। पुलिस के अनुसार साइबर अपराध से बचाव के लिए जागरूकता और सतर्कता सबसे महत्वपूर्ण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *