Home / Chhattisgarh / CG BREAKING: 3 साल की मासूम को जबरन ले जाने से रोका तो दादी की चाकू मारकर हत्या, आरोपी फरार

CG BREAKING: 3 साल की मासूम को जबरन ले जाने से रोका तो दादी की चाकू मारकर हत्या, आरोपी फरार

ख़बर शेयर करें:

बिलासपुर, 18 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां तीन साल की मासूम बच्ची को कथित तौर पर जबरन अपने साथ ले जाने की कोशिश का विरोध करने पर एक युवक ने बच्ची की दादी पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल महिला की मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम मेंड्रा की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम मेंड्रा निवासी राजकुमारी यादव शनिवार देर रात अपने घर पर थीं। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला प्रशांत शुक्ला रात करीब 10 बजे उनके घर पहुंचा। आरोप है कि युवक ने घर में मौजूद तीन साल की मासूम बच्ची को जबरन अपने साथ ले जाने की कोशिश की। बच्ची की दादी राजकुमारी यादव ने इसका विरोध करते हुए युवक को रोकने का प्रयास किया।

बताया जा रहा है कि विरोध करने पर आरोपी प्रशांत शुक्ला भड़क गया और महिला के साथ गाली-गलौज करने लगा। विवाद बढ़ने पर उसने अपने पास रखे धारदार चाकू से राजकुमारी यादव पर हमला कर दिया। चाकू लगने से महिला गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ीं।

महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों को आता देख आरोपी घटनास्थल से फरार हो गया। परिजन घायल महिला को तत्काल उपचार के लिए बिलासपुर के सिम्स अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर सकरी थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपी प्रशांत शुक्ला की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस वारदात के पीछे के कारणों सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

इस सनसनीखेज घटना के बाद ग्राम मेंड्रा सहित आसपास के इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। तीन साल की मासूम बच्ची को जबरन ले जाने की कोशिश का विरोध करने पर उसकी दादी की हत्या की घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *