Home / Chhattisgarh / शारदीय नवरात्रि 2026 : महासप्तमी पर मां सर्वमंगला मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, 12 हजार ज्योति कलश से जगमगाया माता का दरबार

शारदीय नवरात्रि 2026 : महासप्तमी पर मां सर्वमंगला मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, 12 हजार ज्योति कलश से जगमगाया माता का दरबार

ख़बर शेयर करें:

कोरबा, 17 अक्टूबर । शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर कोरबा के प्रसिद्ध मां सर्वमंगला मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। महासप्तमी पर सुबह से ही माता रानी के दर्शन के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। हसदेव नदी के तट पर स्थित मां सर्वमंगला मंदिर में दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर माता के दर्शन किए और परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस वर्ष मंदिर में देश-विदेश के श्रद्धालुओं द्वारा प्रज्वलित कराए गए लगभग 12 हजार मनोकामना ज्योति कलश आकर्षण का प्रमुख केंद्र बने हुए हैं।

मां सर्वमंगला मंदिर को लेकर श्रद्धालुओं में गहरी आस्था है। मान्यता है कि माता के दरबार में सच्चे मन से मांगी गई मनोकामनाएं पूरी होती हैं। यही कारण है कि नवरात्रि के दौरान छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों सहित दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। महासप्तमी पर मंदिर परिसर माता के जयकारों से गूंजता रहा और भक्तिमय वातावरण बना रहा।

मंदिर के राजपुरोहित एवं प्रबंधक नमन पांडे ने बताया कि इस वर्ष शारदीय नवरात्रि का पर्व उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। मां सर्वमंगला के दरबार में देश के विभिन्न राज्यों के साथ विदेशों में रहने वाले श्रद्धालुओं ने भी मनोकामना ज्योति कलश प्रज्वलित कराए हैं। मंदिर में लगभग 12 हजार ज्योति कलश प्रज्वलित हैं, जिनकी जगमगाहट से पूरा मंदिर परिसर आलोकित हो रहा है।

श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए मंदिर प्रबंधन ने दर्शन और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। भक्तों के लिए पेयजल की व्यवस्था के साथ धूप से बचाव के लिए तंबू और शेड लगाए गए हैं। वहीं, दर्शन व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए निजी सुरक्षाकर्मियों के साथ पुलिस बल भी तैनात किया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

नवरात्रि के अवसर पर मंदिर के आसपास मेला परिसर भी सजकर तैयार है। यहां पूजन सामग्री, प्रसाद और अन्य सामान की दुकानें लगाई गई हैं। महासप्तमी पर मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में विशेष चहल-पहल देखने को मिली। श्रद्धालुओं ने मां सर्वमंगला के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और अपने परिवार की सुख-शांति, समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की प्रार्थना की।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *