आवारा श्वान को अधमरा कर जलाया, पशुप्रेमियों ने की कार्रवाई की मांग

रायगढ़ 26 अप्रैल। शहर में पशु-प्रेमी भी हैं, जो लगातार अवारा पशुओं की किसी न किसी तरह से देखरेख कर रहे हैं। लेकिन शुक्रवार को दो युवकों के द्वारा कसेरपारा चक्रधर नगर क्षेत्र में एक आवारा श्वान को पीटपीट कर अधमरा कर दिया और पाॅलटेक्निक काॅलेज के मैदान में ले जाकर उसे जला दिया। इसकी जानकारी जब पशु प्रेमी शुभा श्रीवास्तव को लगी, तो वे तत्काल मौके पर पहुंची, पर तब तक उत्पाती युवक वहां से जा चुके थे। 

इसके बाद तत्काल मौके का विडियो बनाकर शुभा ने इसकी जानकारी स्ट्रीट एनीमल वारियर्स छत्तीसगढ़ सोसायटी एवं नागरिक सुरक्षा सेवा संगठन रायगढ़ के ग्रुप में शेयर करते हुए पशु प्रेमियों को इसकी जानकारी दी। ऐसे में पशु प्रेमियों में इस घटना को देखकर काफी आक्रोश है और मामले की लिखित शिकायत स्ट्रीट एनीमल वारियर्स छत्तीसगढ़ सोसायटी एवं नागरिक सुरक्षा सेवा संगठन के पदाधिकारियों ने चक्रधर नगर थाना में की है।

सीएसपी को ज्ञापन सौंपकर मामले में दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। इस दौरान स्ट्रीट एनीमल वारियर्स छत्तीसगढ़ सोसायटी के शफी आलम, रश्मि खलखो, शुभा श्रीवास्तव, पूनम द्विवेदी के साथ ही नागरिक सुरक्षा सेवा संगठन के पदाधिकारी भी मौजूद थे।