मुंबई। साउथ सुपरस्टार राम चरण और बॉलीवुड अभिनेत्री जान्हवी कपूर अभिनीत बहुप्रतीक्षित स्पोर्ट्स-एक्शन ड्रामा फिल्म ‘पेड्डी’ का वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर 24 अक्टूबर 2026 को रात 8 बजे सोनी मैक्स पर प्रसारित किए जाने की घोषणा की गई है। खेल, स्वाभिमान, साहस और सामूहिक गौरव की कहानी पर आधारित यह फिल्म दर्शकों को जबरदस्त एक्शन, रोमांच और भावनाओं से भरपूर सिनेमाई अनुभव देने का वादा करती है।
फिल्म ‘पेड्डी’ की कहानी 1990 के दशक में आंध्र प्रदेश के एक दूरदराज गांव की पृष्ठभूमि पर आधारित है। इसमें राम चरण एक प्रतिभाशाली खिलाड़ी पेड्डी की भूमिका निभा रहे हैं, जिसकी खेल के प्रति लगन और असाधारण प्रतिभा उसे गांव का हीरो बना देती है। हालांकि, कहानी उस समय नया मोड़ लेती है, जब उसके गांव, समुदाय और लोगों की जीवनशैली पर खतरा मंडराने लगता है। इसके बाद खेल का मैदान केवल जीत और हार तक सीमित नहीं रहता, बल्कि सम्मान, पहचान और स्वाभिमान की लड़ाई का प्रतीक बन जाता है।
फिल्म में राम चरण के साथ जान्हवी कपूर मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। इसके अलावा शिवा राजकुमार, जगपति बाबू और दिव्येंदु भी महत्वपूर्ण किरदार निभाते दिखाई देंगे। फिल्म का संगीत ऑस्कर विजेता संगीतकार ए.आर. रहमान ने तैयार किया है, जिससे दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है।
सोनी मैक्स की बिजनेस हेड, हिंदी मूवीज, देविका प्रभु ने फिल्म के टेलीविजन प्रीमियर को लेकर कहा कि ‘पेड्डी’ में वह सभी खूबियां मौजूद हैं, जिनकी दर्शक एक बड़े टेलीविजन प्रीमियर से उम्मीद करते हैं। इसमें लोकप्रिय सितारे, शानदार एक्शन, दमदार भावनाएं और दर्शकों को कहानी से जोड़ने वाले किरदार शामिल हैं। उन्होंने कहा कि फिल्म का मुख्य किरदार पेड्डी न केवल खेल के मैदान का सुपरस्टार है, बल्कि अपने समुदाय के सम्मान और अधिकारों के लिए संघर्ष करने वाला साहसी व्यक्ति भी है।
वहीं, अभिनेता राम चरण ने फिल्म की कहानी को लेकर अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि ‘पेड्डी’ की स्क्रिप्ट सुनने के बाद वह बेहद प्रभावित हुए थे। उन्होंने कहा कि जब पहली बार घर पर फिल्म की कहानी सुनी, तो उनकी प्रतिक्रिया पहले से बिल्कुल अलग थी। कहानी इतनी पसंद आई कि उन्होंने तुरंत निर्देशक बुच्ची बाबू को गले लगा लिया। उस दौरान मौजूद सुकुमार भी उनकी प्रतिक्रिया देखकर हैरान रह गए थे।
राम चरण ने कहा कि वह हमेशा ऐसी फिल्मों का हिस्सा बनना चाहते हैं, जो दर्शकों को लंबे समय तक प्रेरित करें और पीढ़ियों तक याद रखी जाएं। उन्हें विश्वास है कि ‘पेड्डी’ भी ऐसी ही फिल्मों में अपनी जगह बनाएगी।
सोनी मैक्स के अनुसार, फिल्म में खेल के रोमांच के साथ सामाजिक संघर्ष, रिश्तों की भावनाएं और अपने लोगों के लिए खड़े होने का साहस देखने को मिलेगा। राम चरण की दमदार स्क्रीन प्रेजेंस, जान्हवी कपूर का अभिनय और ए.आर. रहमान का संगीत फिल्म के प्रमुख आकर्षण होंगे।
दर्शक 24 अक्टूबर को रात 8 बजे सोनी मैक्स पर फिल्म ‘पेड्डी’ का वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर देख सकेंगे।







