नई दिल्ली/रायपुर । छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के प्रमुख सचिव रहे अमन सिंह ने एनडीटीवी के निदेशक मंडल से इस्तीफा दे दिया है। अडाणी समूह के कॉरपोरेट ब्रांड संरक्षक और कारपोरेट मामलों के प्रमुख अमन कुमार सिंह ने व्यस्तताओं का हवाला देते हुए एनडीटीवी लिमिटेड के निदेशक मंडल से इस्तीफा दिया है।
एनडीटीवी ने पिछले सप्ताह जानकारी दी कि अमन कुमार सिंह ने अपनी व्यस्तताओं के चलते कंपनी के गैर-कार्यकारी निदेशक पद से इस्तीफा दे दिया है। उनका इस्तीफा एक अप्रैल, 2023 से प्रभावी हो गया है। उनके खिलाफ छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार का मामला भी चल रहा है।आपको बता दें कि भारतीय राजस्व सेवा के अधिकारी रहे अमन सिंह पूर्व में रमन सिंह के कार्यकाल में प्रमुख सचिव थे।वह नौकरी से इस्तीफा देकर नवंबर, 2022 में अडाणी समूह से बतौर कॉरपोरेट ब्रांड संरक्षक और कॉरपोरेट मामलों के प्रमुख के तौर पर जुड़े थे।
अडाणी के एनडीटीवी का अधिग्रहण करने के बाद अडाणी समूह ने सिंह को एनडीटीवी के निदेशक मंडल में शामिल किया था।छत्तीसगढ़ की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने फरवरी, 2022 में सिंह और उनकी पत्नी यास्मीन सिंह के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में मुकदमा दर्ज किया था।


