देहरादून,02 अप्रैल I Youtuber Suicide: यू-ट्यूब पर चैनल चलाने वाली एक 22 वर्षीय युवती ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। बताया जा रहा है कि युवती के स्वजन चैनल न चलने के बाद उसे बंद कर नौकरी करने का दबाव बना रहे थे, इससे परेशान होकर युवती ने खुदकुशी कर ली। पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आइएसबीटी चौकी इंचार्ज संजीत कुमार ने बताया कि शनिवार सुबह सूचना मिली कि चंद्रबनी में रहने वाली एक युवती ने घर पर ही फांसी लगा दी है। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और उसे अस्पताल भिजवाया।
चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चौकी इंचार्ज के अनुसार लता का अपना यू-ट्यूब चैनल था और वह खुद गाने गाकर चैनल पर अपलोड करती थी। चैनल पर कमाई न होने के कारण उसके स्वजन लगातार चैनल बंद कर नौकरी करने का दबाव बना रहे थे। शुक्रवार को भी इसी बात को लेकर घर पर बोलचाल भी हुई। इसी बात को लेकर लता रात को अपने कमरे में चली गई और फांसी लगा दी। उन्होंने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए कोरोनेशन अस्पताल में भिजवा दिया गया है।


