Facebook पर Post डालकर लिखा- मैं निजी कारणों से आत्महत्या कर रहा हूं….

जम्मू, 10 मार्च । जम्मू में महिला डॉक्टर की उसके डॉक्टर बॉयफ्रेंड ने चाकू मारकर हत्या कर दी। युवक ने खुद को भी वही चाकू मारकर लहूलुहान कर लिया। फेसबुक पर पोस्ट डालकर लिखा- मैं निजी कारणों से आत्महत्या कर रहा हूं। यह पोस्ट देखकर उसके रिश्तेदार ने पुलिस को बुलाया। युवक अब खतरे से बाहर है। यह घटना मंगलवार की है, पुलिस ने शुक्रवार को जानकारी दी है। जम्मू में रहने वाली सुमेधा शर्मा ने यहां के डेंटल कॉलेज से BDS किया था। वहां उनके साथ पढ़ने वाले जौहर गनई से उसका प्रेम संबंध हो गया। BDS करने के बाद सुमेधा आगे की पढ़ाई के लिए दिल्ली चली गईं। वे होली की छुट्टी में जम्मू आई थीं। वे जौहर से मिलने उसके घर गई थीं।

वहां दोनों के बीच झगड़ा हो गया। जौहर ने सुमेधा के पेट में चाकू से कई वार कर दिए। सुमेधा की मौके पर ही मौत हो गई। जौहर घबरा गया और फेसबुक पर आत्महत्या का पोस्ट करके खुद को भी वही चाकू मारकर घायल कर लिया। रिश्तेदार की सूचना पर जब पुलिस जौहार के घर पहुंची तो पूरा फर्श खून से लाल था। सुमेधा की सांसें थम चुकी थीं, जबकि जौहर धड़कनें चल रही थीं। पुलिस के मुताबिक आरोपी और महिला काफी समय से रिलेशनशिप में थे। आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। दोनों के बीच झगड़ा किस बात को लेकर हुआ था, इसकी जांच की जा रही है। अस्पताल से जौहर की छुट्‌टी होते ही उसे अरेस्ट करके पूछताछ की जाएगी।