जांजगीर-चांपा, 09 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत उत्पादन कंपनी के अटल बिहारी वाजपेयी ताप विद्युत संयंत्र (एबीवीटीपीएस), मड़वा ने विद्युत उत्पादन के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। संयंत्र ने 8 अक्टूबर 2026 को 100.96 प्रतिशत प्लांट लोड फैक्टर (पीएलएफ) के साथ 12.230 मिलियन यूनिट बिजली का उत्पादन किया। इस उपलब्धि पर प्रबंधन ने अभियंताओं और कर्मचारियों को बधाई दी है।
इससे पहले संयंत्र ने 12 जनवरी 2018 को 100.94 प्रतिशत पीएलएफ के साथ 12.226 मिलियन यूनिट विद्युत उत्पादन दर्ज किया था। नए रिकॉर्ड के साथ मड़वा संयंत्र ने अपने पिछले प्रदर्शन को पीछे छोड़ दिया है।
संयंत्र में 500-500 मेगावाट क्षमता की दो आधुनिक विद्युत इकाइयां संचालित हैं। इस उपलब्धि पर विद्युत उत्पादन कंपनी के प्रबंध निदेशक एसके कटियार ने मुख्य अभियंता रजनीश जांगड़े सहित अभियंताओं और कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की।
मुख्य अभियंता रजनीश जांगड़े के अनुसार, मड़वा संयंत्र ने पिछले कुछ वर्षों में कई महत्वपूर्ण रिकॉर्ड बनाए हैं। फरवरी 2024 में संयंत्र की इकाई क्रमांक-2 ने 102.74 प्रतिशत पीएलएफ के साथ एक दिन में 12.328 मिलियन यूनिट बिजली का उत्पादन किया था। इसी इकाई ने 31 दिसंबर 2024 को लगातार 248 दिन तक विद्युत उत्पादन करने का रिकॉर्ड बनाया था।

वित्तीय वर्ष 2023-24 में संयंत्र ने 84.11 प्रतिशत पीएलएफ के साथ 7,388.541 मिलियन यूनिट बिजली का वार्षिक उत्पादन किया था। इसी वित्तीय वर्ष में इकाई क्रमांक-1 ने 29 नवंबर 2023 को लगातार 178 दिन तक बिजली उत्पादन करने का रिकॉर्ड बनाया।
कंपनी के अनुसार, अक्टूबर 2026 में जनवरी 2018 की तुलना में संयंत्र की दैनिक सहायक विद्युत खपत में भी 0.39 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। प्रबंधन ने इस उपलब्धि का श्रेय मुख्यालय रायपुर के मार्गदर्शन तथा मड़वा संयंत्र के अभियंताओं और कर्मचारियों की मेहनत को दिया है। अधिकारियों ने कहा कि टीम इसी उत्साह के साथ निर्बाध विद्युत उत्पादन और कंपनी की प्रगति के लिए प्रयास जारी रखेगी।







