Home / Chhattisgarh / धमतरी में गौवंश तस्करी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पिकअप में क्रूरतापूर्वक ले जाए जा रहे 4 मवेशी मुक्त; 3 आरोपी गिरफ्तार

धमतरी में गौवंश तस्करी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पिकअप में क्रूरतापूर्वक ले जाए जा रहे 4 मवेशी मुक्त; 3 आरोपी गिरफ्तार

धमतरी, 10 सितम्बर 2026। जिले में गौवंश के अवैध परिवहन और पशु क्रूरता के खिलाफ धमतरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सिहावा थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर देवपुर चौक के पास घेराबंदी कर एक पिकअप वाहन को पकड़ा। वाहन में चार गौवंश मवेशियों को क्रूरतापूर्वक भरकर अवैध रूप से परिवहन किया जा रहा था। पुलिस ने सभी मवेशियों को सुरक्षित मुक्त कराते हुए मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देशन में जिले में अवैधानिक गतिविधियों, पशु क्रूरता और मवेशी तस्करी के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत सिहावा पुलिस को सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन में गौवंश को भरकर अवैध रूप से ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने नगरी-सिहावा मुख्य मार्ग पर ग्राम देवपुर चौक के पास घेराबंदी की। इसी दौरान संदिग्ध पिकअप वाहन क्रमांक CG-05 AU-4503 को पुलिस ने रोककर उसकी तलाशी ली। जांच के दौरान वाहन में चार गौवंश मवेशी क्रूरतापूर्वक भरे हुए पाए गए। पुलिस ने तत्काल मवेशियों को वाहन से मुक्त कराया और मौके पर मौजूद तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तानसिंह साहू (19 वर्ष), पिता नरसिंह नाथ साहू, निवासी बड़ेपारा घुंटुला, भोजराम यादव (19 वर्ष), निवासी बाजारपारा घुंटुला और करणसिंह यादव (29 वर्ष), पिता भागीरथी यादव, निवासी ग्राम भैंसासांकरा, थाना नगरी के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार गौवंश मवेशी, जिनकी अनुमानित कीमत 42 हजार रुपये, तथा पिकअप वाहन की अनुमानित कीमत 5 लाख रुपये बताई गई है। इस तरह पुलिस ने कुल 5 लाख 42 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया है।

मामले में थाना सिहावा में अपराध क्रमांक 71/26 दर्ज कर पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 4, 6, 10 और 11 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है और अवैध पशु परिवहन एवं तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में पशु क्रूरता, गौवंश के अवैध परिवहन और तस्करी जैसी गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसी गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *