Home / Chhattisgarh / खरसिया में यातायात और साइबर जागरूकता अभियान का आगाज, IG रामगोपाल गर्ग और SSP शशिमोहन सिंह ने दिलाई सड़क सुरक्षा की शपथ

खरसिया में यातायात और साइबर जागरूकता अभियान का आगाज, IG रामगोपाल गर्ग और SSP शशिमोहन सिंह ने दिलाई सड़क सुरक्षा की शपथ

ख़बर शेयर करें:

रायगढ़/खरसिया, 7 अक्टूबर। खरसिया में हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन और रायगढ़ पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में यातायात एवं साइबर जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। अभियान में बिलासपुर संभाग के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग और रायगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह सहित पुलिस अधिकारियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नगरवासी शामिल हुए और लोगों को साइबर अपराध से बचाव तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन खरसिया के अग्रसेन चौक में किया गया। शुरुआत महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण और राज्यगीत ‘अरपा पैरी के धार’ के साथ हुई। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों को साइबर अपराधों से सतर्क रहने और यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया।

एसएसपी शशिमोहन सिंह ने कहा कि साइबर अपराध से बचने के लिए जागरूकता बेहद जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से अपने व्यक्तिगत एवं डिजिटल डेटा की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन की ओर से पुलिस के साथ मिलकर किए जा रहे सामाजिक कार्यों की भी सराहना की और सड़क सुरक्षा को लेकर लोगों को यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया।

पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने कहा कि बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए प्रत्येक नागरिक का साइबर जागरूक होना जरूरी है। उन्होंने वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने पर जोर दिया। उन्होंने हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन की पहल की सराहना करते हुए अंकित अग्रवाल, मनोज गोयल और पूरी टीम को अभियान के लिए बधाई दी।

आईजी रामगोपाल गर्ग ने कार्यक्रम में मौजूद नागरिकों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई। इसके बाद राहगीरों को हेलमेट वितरित कर यातायात सुरक्षा का संदेश दिया गया। उन्होंने स्वयं बाइक रैली में शामिल होकर हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने के प्रति लोगों को जागरूक किया। जागरूकता रैली में बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान आईजी रामगोपाल गर्ग और एसएसपी शशिमोहन सिंह खरसिया के श्री हनुमान मंदिर गंज बाजार भी पहुंचे। यहां 134 वर्षों से आयोजित हो रहे अखण्ड राम सप्ताह में उन्होंने सहभागिता की। इस दौरान बच्चों द्वारा प्रस्तुत भजन और भक्तिमय कार्यक्रमों की सराहना की गई। शिव तांडव की प्रस्तुति देने वाली रूही अग्रवाल की भी प्रशंसा करते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।

कार्यक्रम में डीएसपी ट्रैफिक उत्तम प्रताप सिंह, एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव, हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन के प्रदेश संरक्षक मनोज गोयल, प्रदेश अध्यक्ष एवं संस्थापक अंकित अग्रवाल सहित हिमांशु अग्रवाल, राजेश अग्रवाल घंसू, राजेंद्र अग्रवाल नूतन, हनुमान अग्रवाल, विनय कबूलपुरिया, रतन अग्रवाल, बाऊ अग्रवाल, मनीष अग्रवाल, राहुल अग्रवाल, साहिल सारथी, हर्ष शर्मा, संजय कंकरवाल, महिला विंग अध्यक्ष आशा अग्रवाल, उपाध्यक्ष बबीता गुप्ता समेत संस्था के सदस्य और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *