Home / Chhattisgarh / मोटरसाइकिल चोरी गिरोह का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार, सात बाइक बरामद

मोटरसाइकिल चोरी गिरोह का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार, सात बाइक बरामद

ख़बर शेयर करें:

राजनांदगांव, 04 अक्टूबर 2026। राजनांदगांव पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर राजनांदगांव, दुर्ग और बालोद जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी की गई सात मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। आरोपियों के कब्जे से दो फर्जी आरसी और एक फर्जी नंबर प्लेट भी जब्त की गई है। कार्रवाई साइबर सेल और थाना बसंतपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने की।

पुलिस के अनुसार, शिकारीमहका निवासी जयकुमार सिन्हा ने 6 सितंबर 2026 को अपनी HF Deluxe मोटरसाइकिल क्रमांक CG 08 W 7699 को साइंस कॉलेज स्थित पद्मश्री गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम के गेट नंबर-2 के पास खड़ा किया था। कुछ देर बाद लौटने पर मोटरसाइकिल गायब मिली। शिकायत पर थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 432/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए साइबर सेल और थाना बसंतपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थल तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके साथ ही तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण करते हुए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने देवाशीष गजेन्द्र को 3 अक्टूबर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने बसंतपुर क्षेत्र से मोटरसाइकिल चोरी करने के साथ ही राजनांदगांव, दुर्ग और बालोद जिले में अन्य चोरी की वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने कुल सात चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं। इनमें HF Deluxe CG 08 W 7699, Passion Pro CG 07 BK 5873, HF Deluxe CG 06 GD 5286, Passion Pro CG 08 AA 6472, SB Shine CG 07 BS 3785, Honda मोटरसाइकिल CG 07 CP 6004 और OLX के माध्यम से खरीदी गई Honda Shine शामिल हैं।

जांच में यह भी सामने आया कि चोरी की तीन मोटरसाइकिलें देवाशीष ने शेख अमीन, निवासी तिफरा, बिलासपुर को बेचने की बात बताई। पुलिस ने शेख अमीन को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से तीन मोटरसाइकिलें बरामद कीं। वहीं देवाशीष गजेन्द्र के कब्जे से चार मोटरसाइकिल, दो फर्जी आरसी और एक फर्जी नंबर प्लेट जब्त की गई।

गिरफ्तार आरोपियों में देवाशीष गजेन्द्र (30), पिता हेमंत कुमार गजेन्द्र, निवासी परसतरई, थाना अर्जुन्दा, जिला बालोद तथा शेख अमीन (33), पिता गुलाम मोहम्मद, निवासी तिफरा देवनगर, थाना सकरी, जिला बिलासपुर शामिल हैं। दोनों आरोपियों को 4 अक्टूबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार मामले में अन्य संभावित आरोपियों और चोरी की संपत्ति के संबंध में जांच जारी है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन और डीएसपी क्राइम सत्यप्रकाश तिवारी के पर्यवेक्षण में की गई।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *