Home / Chhattisgarh / उन्नत टमाटर की खेती से शाहिद ने कमाए 1.20 लाख रुपये, 2 एकड़ में बढ़ी आमदनी

उन्नत टमाटर की खेती से शाहिद ने कमाए 1.20 लाख रुपये, 2 एकड़ में बढ़ी आमदनी

ख़बर शेयर करें:

रायपुर, 2 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ में किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़कर खेती को अधिक लाभकारी बनाने के प्रयासों के बीच गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के किसान शाहिद जमा खान ने उन्नत टमाटर की खेती से बेहतर आर्थिक लाभ हासिल किया है। गौरेला विकासखंड के ग्राम पंचायत सारबहरा निवासी शाहिद ने करीब 2 एकड़ में टमाटर की खेती कर अब तक लगभग 1 लाख 20 हजार रुपये का लाभ अर्जित किया है।

शाहिद ने टमाटर उत्पादन में आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने के साथ फसल प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया। समय पर कृषि कार्य, नियमित देखभाल और वैज्ञानिक तकनीकों के इस्तेमाल से फसल की गुणवत्ता और उत्पादन बेहतर हुआ। इसके परिणामस्वरूप टमाटर की खेती उनके लिए आय का अच्छा माध्यम बनकर सामने आई है।

शाहिद पहले भी उद्यानिकी विभाग की विभिन्न योजनाओं का लाभ ले चुके हैं। विभाग की ओर से उन्हें उन्नत कृषि तकनीक, फसल प्रबंधन और आवश्यक कृषि कार्यों को लेकर समय-समय पर तकनीकी मार्गदर्शन दिया जाता रहा है। विभागीय सहयोग के साथ अपनी मेहनत और बेहतर फसल प्रबंधन के जरिए उन्होंने उद्यानिकी खेती को आय बढ़ाने के प्रभावी माध्यम के रूप में अपनाया है।

राज्य सरकार द्वारा किसानों को पारंपरिक खेती के साथ उद्यानिकी और आधुनिक कृषि पद्धतियों के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। शाहिद की सफलता इस बात को दर्शाती है कि वैज्ञानिक तकनीक, बेहतर फसल प्रबंधन और समय पर तकनीकी मार्गदर्शन का उपयोग कर किसान खेती से अधिक आर्थिक लाभ प्राप्त कर सकते हैं।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *