Home / Chhattisgarh / ओरछा में सेवा संकल्प स्वास्थ्य शिविर, 237 मरीजों को मिला नि:शुल्क इलाज; मलेरिया-एनीमिया की जांच पर जोर

ओरछा में सेवा संकल्प स्वास्थ्य शिविर, 237 मरीजों को मिला नि:शुल्क इलाज; मलेरिया-एनीमिया की जांच पर जोर

ख़बर शेयर करें:

नारायणपुर, 2 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ओरछा में एक दिवसीय विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे 237 से अधिक मरीजों को शिविर में नि:शुल्क जांच, उपचार, दवाएं और स्वास्थ्य परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई गई।

शिविर में मलेरिया और एनीमिया की जांच पर विशेष ध्यान दिया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 169 लोगों की मलेरिया जांच की, जिसमें 41 मरीज पीएफ और 7 मरीज पीवी पॉजिटिव पाए गए। वहीं 146 लोगों के हीमोग्लोबिन की जांच की गई, जिसमें 39 ग्रामीणों में रक्त की कमी सामने आई।

मधुमेह की जांच के तहत 138 लोगों की ब्लड शुगर जांच की गई। इनमें 6 मरीजों में शुगर का स्तर अधिक पाया गया, जिन्हें आवश्यक दवाएं और चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। इसके साथ ही उच्च रक्तचाप और सिकल सेल से संबंधित मरीजों की भी पहचान की गई।

मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए 19 गर्भवती महिलाओं का पंजीयन कर प्रसव पूर्व जांच की गई। शिविर में नेत्र एवं दंत जांच के अलावा टीबी की पहचान के लिए बलगम के नमूने भी लिए गए। एचआईवी, हेपेटाइटिस, डेंगू, टाइफाइड, लिवर, किडनी और थायरॉइड से जुड़ी जांच की सुविधा भी ग्रामीणों को उपलब्ध कराई गई।

शिविर के दौरान पात्र हितग्राहियों के दो आयुष्मान कार्ड मौके पर ही बनाए गए। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शिविर में चिन्हित मरीजों की नियमित निगरानी की जाएगी, ताकि उन्हें आगे भी समय पर उपचार और स्वास्थ्य सेवाएं मिलती रहें।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *