Home / Chhattisgarh / कोरबा रेलवे स्टेशन के पास मालगाड़ी का डिब्बा पटरी से उतरा, 4 घंटे की मशक्कत के बाद ट्रैक पर लाया गया

कोरबा रेलवे स्टेशन के पास मालगाड़ी का डिब्बा पटरी से उतरा, 4 घंटे की मशक्कत के बाद ट्रैक पर लाया गया

कोरबा, 25 सितम्बर। कोरबा रेलवे स्टेशन के पास गुरुवार को उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब गेवरा से कोरबा की ओर आ रही गिट्टी लोड मालगाड़ी का बीच का एक डिब्बा अचानक पटरी से उतर गया। घटना दोपहर करीब 1 बजे कोरबा रेलवे यार्ड के पास हुई। मालगाड़ी के चालक ने समय रहते ट्रेन को रोक दिया, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार, गेवरा की ओर से गिट्टी लेकर कोरबा आ रही मालगाड़ी के बीच का एक डिब्बा अचानक पटरी से उतर गया। घटना के बाद रेलवे विभाग में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे और ट्रैक पर उतरे डिब्बे को वापस पटरी पर लाने का काम शुरू किया गया। रेलवे टीम ने करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद डिब्बे को दोबारा ट्रैक पर लाने में सफलता हासिल की।

डिब्बे के पटरी से उतरने के बाद मालगाड़ी के दोनों हिस्सों को अलग किया गया। पहले खराब हुए हिस्से को हटाने की प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद रेलवे परिचालन को सुचारु करने की कार्रवाई शुरू की गई। इस दौरान मेमू लोकल ट्रेन के परिचालन पर भी असर पड़ा। मेमू ट्रेन काफी देर से पहुंची, जिसके कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

कोरबा क्षेत्र में मालगाड़ियों के पटरी से उतरने की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। कुछ महीने पहले एसईसीएल की रेलवे साइडिंग पर कोयले से लदी मालगाड़ी के डिब्बे पटरी से उतर गए थे। उस घटना में रेलवे और एसईसीएल से संबंधित नुकसान की बात सामने आई थी। लगातार इस तरह की घटनाएं सामने आने के बाद रेलवे ट्रैक के रखरखाव और नियमित निरीक्षण को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

हालांकि, गुरुवार को हुई घटना की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। प्रारंभिक तौर पर डिब्बे के पटरी से उतरने की जानकारी सामने आई है, लेकिन इसके पीछे तकनीकी खराबी, ट्रैक से जुड़ी समस्या या अन्य कारण था, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

घटना के संबंध में रेलवे अधिकारियों से फोन पर जानकारी लेने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिल सका। रेलवे टीम की कार्रवाई के बाद ट्रैक को दुरुस्त कर लिया गया और ट्रेनों की आवाजाही सामान्य होने की जानकारी है। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *