Home / Chhattisgarh / 10 वर्षों से लंबित विद्युत पोल शिफ्टिंग की मांग पूरी, वार्डवासियों ने पार्षद ज्योति तिवारी का जताया आभार

10 वर्षों से लंबित विद्युत पोल शिफ्टिंग की मांग पूरी, वार्डवासियों ने पार्षद ज्योति तिवारी का जताया आभार

विष्णु द्विवेदी , कोरबा,25 सितम्बर 2026। वार्ड क्रमांक 5 मां समलाई दाई, सुभाषनगर में करीब 10 वर्षों से लंबित विद्युत पोल को सड़क के बीच से हटाकर सड़क किनारे स्थानांतरित करने की मांग आखिरकार पूरी हो गई। विद्युत पोल के सड़क के बीच से किनारे शिफ्ट होने से वार्डवासियों ने राहत की सांस ली है। लंबे समय से बनी आवागमन की समस्या दूर होने पर वार्डवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पार्षद ज्योति तिवारी के प्रति आभार जताया।

वार्डवासियों के अनुसार, सड़क के बीच में विद्युत पोल होने के कारण आवागमन में लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। विशेषकर वाहनों के आवागमन के दौरान सड़क पर असुविधा की स्थिति बनती थी। इस समस्या के समाधान के लिए वार्डवासी लंबे समय से विद्युत पोल को सड़क किनारे स्थानांतरित करने की मांग कर रहे थे। अब संबंधित विभाग के सहयोग से पोल को निर्धारित स्थान पर शिफ्ट कर दिया गया है।

पार्षद ज्योति तिवारी ने कार्य पूर्ण होने पर सहयोग करने वाले भाजपा के वरिष्ठ नेता ज्योति नंद दुबे के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने विद्युत पोल के लिए स्थान उपलब्ध कराने में सहयोग करने वाले श्याम सुंदर साहू को भी धन्यवाद दिया। पार्षद ने कहा कि वार्डवासियों की मूलभूत सुविधाओं और स्थानीय समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है तथा लंबे समय से लंबित इस समस्या के निराकरण से लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

उन्होंने इस कार्य को सफलतापूर्वक पूरा कराने में सहयोग के लिए नगर पालिका एवं विद्युत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रति भी आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष राजू प्रजापति, महामंत्री धरम तिवारी, दीपक प्रजापति, वीरेंद्र पांडेय सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।

विद्युत पोल के सड़क किनारे स्थानांतरित होने के बाद अब सड़क का उपयोग अधिक सुगमता से किया जा सकेगा। वार्डवासियों ने करीब एक दशक से चली आ रही समस्या के समाधान पर प्रसन्नता जताते हुए पार्षद ज्योति तिवारी सहित सभी सहयोगकर्ताओं के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया। स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि क्षेत्र की अन्य लंबित समस्याओं का भी इसी तरह प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *