Home / Chhattisgarh / शिवरीनारायण और राहौद में श्रमदान से तालाबों की सफाई, प्लास्टिक प्रदूषण के खिलाफ चला जागरूकता अभियान

शिवरीनारायण और राहौद में श्रमदान से तालाबों की सफाई, प्लास्टिक प्रदूषण के खिलाफ चला जागरूकता अभियान

जांजगीर-चांपा, 24 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा मेरा योगदान’ पहल के अंतर्गत जिले में पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण और स्वच्छता को लेकर विशेष अभियान चलाया गया। इसी क्रम में नगर पंचायत शिवरीनारायण के वार्ड क्रमांक 15 स्थित बटुआ तालाब और नगर पंचायत राहौद के वार्ड क्रमांक 14 स्थित नागमचा तालाब में सामूहिक श्रमदान कर स्वच्छता अभियान चलाया गया।

अभियान में जनप्रतिनिधियों, स्थानीय नागरिकों और अधिकारी-कर्मचारियों ने मिलकर तालाबों एवं आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई की। श्रमदान के माध्यम से जल स्रोतों को स्वच्छ और सुरक्षित रखने के साथ ही लोगों को जल के विवेकपूर्ण उपयोग के लिए प्रेरित किया गया।

इस दौरान सिंगल यूज प्लास्टिक से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान की जानकारी देते हुए लोगों से प्लास्टिक का उपयोग कम करने और पर्यावरण-अनुकूल विकल्प अपनाने की अपील की गई। अभियान के माध्यम से यह संदेश भी दिया गया कि स्वच्छता, जल संरक्षण और पर्यावरण की सुरक्षा केवल किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।

कार्यक्रम में नगर पंचायत शिवरीनारायण के अध्यक्ष राहुल थवाईत, नगर पंचायत राहौद की अध्यक्ष प्रतिभा कश्यप, उपाध्यक्ष गयाराम चंदेल सहित पार्षदगण, स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। अधिकारियों ने लोगों से जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाने, प्लास्टिक का उपयोग कम करने और स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने में सक्रिय योगदान देने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *