धमतरी, 24 सितम्बर 2026। गणेश विसर्जन झांकी और आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए धमतरी पुलिस ने असामाजिक और आपराधिक गतिविधियों में शामिल तत्वों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में गुंडा बदमाश, निगरानी बदमाश और माफी बदमाशों की सघन चेकिंग और निगरानी की जा रही है। इसी अभियान के तहत सिटी कोतवाली, अर्जुनी और रूद्री थाना क्षेत्र के ऐसे बदमाशों को थाने बुलाकर परेड कराई गई और पुलिस अधिकारियों ने उनसे व्यक्तिगत रूप से चर्चा की।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डीसी पटेल और डीएसपी साइबर भानूप्रताप चंद्राकर के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बदमाशों को अपराध और नशे से दूर रहने की समझाइश दी। उन्हें नशे एवं अपराध से दूर रहकर समाज की मुख्यधारा में शांतिपूर्ण जीवन बिताने की शपथ भी दिलाई गई। पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि या अशांति फैलाने में संलिप्त पाए जाने पर उनके खिलाफ कड़ी वैधानिक और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने यह भी बताया कि यदि संबंधित व्यक्तियों के आचरण और गतिविधियों में लगातार सुधार रहता है तथा वे जिम्मेदार नागरिक के रूप में शांतिपूर्ण जीवन बिताते हैं, तो नियमानुसार उनके निगरानी संबंधी रिकॉर्ड में सुधार की कार्रवाई की जा सकती है।
त्योहारों के मद्देनजर धमतरी पुलिस ने संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां पेट्रोलिंग और सघन चेकिंग बढ़ाने का निर्णय लिया है। अड्डेबाजी, लड़ाई-झगड़ा, चाकूबाजी और अन्य अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों पर विशेष नजर रखी जाएगी। थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में ऐसे तत्वों के खिलाफ प्रभावी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई और माइनर एक्ट के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
धमतरी पुलिस ने कहा है कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था और शांति भंग करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे लोगों के खिलाफ निगरानी, चेकिंग और आवश्यकतानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। कार्रवाई में डीएसपी साइबर भानूप्रताप चंद्राकर, सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जगत सहित सिटी कोतवाली, अर्जुनी और रूद्री थाना के पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों का योगदान रहा।







