रायपुर। बीरगांव निगम चुनाव से पहले आज मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने क्षेत्रवासियों को करोड़ों की सौगात दी। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव समेत कैबिनेट मंत्री, सांसद और विधायक शामिल हुए। दरअसल बीरगांव नगर निगम को कांग्रेस का गढ़ माना जाता है। यहां कांग्रेस का ही महापौर है। ऐसे में निगम चुनाव से पहले भाजपा सरकार ने यहां आज बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा, बिरगांव नगर निगम के लिए आज का दिन ऐतिहासिक दिन है। हमने आज 135 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया है। कांग्रेस सरकार ने पिछले पांच सालों में किसी भी सड़क को बनाना तो छोड़ पुरानी बनी सड़कों को भी संभाल नहीं पाई थी। हमने आज हर घर नल योजना के तहत घर-घर पानी पहुंचाने का काम कर रहे है, लेकिन भूपेश सरकार में इस कार्य में भी कितना बंदरबांट हुआ है ये सबके सामने स्पष्ट है। उन्होंने कहा, बिरगांव नगर निगम को पिछले पांच साल में सिर्फ 95 करोड़ मिला था, लेकिन हमने पिछले ढाई साल में 160 करोड़ से अधिक की राशि प्रदान किए हैं। हमारे भाजपा सरकार में विकास का काम तेज गति से चलता है।
सीएम साय ने कहा, कांग्रेस सरकार ने 18 लाख गरीबों का आवास का हक छीना था, लेकिन हमारी सरकार बनते ही प्रति दिन हजारों प्रधानमंत्री आवास निर्मित हो रहे हैं। हमारे छत्तीसगढ़ को विकसित छत्तीसगढ़ बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। नक्सलवाद एक बड़ा रोड़ा था, लेकिन हमारी सरकार ने नक्सलवाद को भी उखाड़ फेंका है। हमारे प्रधानमंत्री जैसे विकसित भारत बना रहे हैं। इसी तरह हमें भी विकसित छत्तीसगढ़ बनाना है।
सीएम साय ने कहा, आवासीय पट्टा देने का भी कार्य करेंगे। भाजपा सरकार जो कहती है वो करती है। हमारी सरकार लगातार विकास कर रही है। कांग्रेसी इटली का चश्मा पहनते हैं इसीलिए उन्हें हमारी सरकार का विकास कार्य नजर नहीं आता है। छत्तीसगढ़ में नए प्रभारी नियुक्त किए जाने पर सीएम साय ने कहा, छत्तीसगढ़ को स्मृति ईरानी नए प्रभारी के रूप में मिली है। हम उनका स्वागत और अभिनंदन करते हैं।







