मुंबई, 22 सितंबर 2026। भारतीय सिनेमा की चर्चित फ्रेंचाइजी ‘दृश्यम’ अब अपने अंतिम अध्याय की ओर बढ़ रही है। अजय देवगन स्टारर और अभिषेक पाठक निर्देशित फिल्म ‘दृश्यम: द कन्क्लूज़न’ की इंटरनेशनल थिएट्रिकल रिलीज के लिए पैनोरमा स्टूडियोज़ और ज़ी स्टूडियोज़ ने साझेदारी की है। फिल्म 2 अक्टूबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी की कहानी और इसके चर्चित किरदार लंबे समय से दर्शकों के बीच लोकप्रिय रहे हैं। 2 अक्टूबर, पाव भाजी और सत्संग जैसे रेफरेंस भी फिल्म की कहानी का हिस्सा होने के कारण पॉपुलर कल्चर में अपनी जगह बना चुके हैं। अब विजय सालगांवकर और उनके परिवार की कहानी नए अध्याय के साथ अपने निष्कर्ष की ओर बढ़ेगी।
फिल्म में अजय देवगन एक बार फिर विजय सालगांवकर के किरदार में नजर आएंगे। वहीं जयदीप अहलावत फ्रेंचाइजी में राजवीर सिंह तोमर के रूप में नई एंट्री कर रहे हैं। उनका किरदार एक ऐसे मामले की जांच करता नजर आएगा, जिसे सुलझाना बेहद मुश्किल माना जा रहा है। प्रकाश राज भी महत्वपूर्ण भूमिका में दिखाई देंगे, जबकि तब्बू, श्रिया सरन और रजत कपूर अपने पुराने किरदारों में वापसी करेंगे।
फिल्म की कहानी और स्क्रीनप्ले अभिषेक पाठक, आमिल कीयान खान और परवेज शेख ने लिखा है। फिल्म का निर्देशन अभिषेक पाठक ने किया है। निर्माता आलोक जैन, अजीत अंधारे, कुमार मंगत पाठक और अभिषेक पाठक हैं।
निर्माता कुमार मंगत पाठक के मुताबिक, ‘दृश्यम’ की कहानी एक ऐसे आम परिवार की है, जो अपने परिवार की रक्षा के लिए असाधारण परिस्थितियों का सामना करता है। उन्होंने कहा कि विजय सालगांवकर की कहानी को उसके निष्कर्ष तक पहुंचाना उत्साह के साथ भावुक अनुभव भी है। उनका मानना है कि भारतीय जड़ों से जुड़ी इस कहानी ने अलग-अलग भाषाओं और सीमाओं के दर्शकों से जुड़ाव बनाया है।
निर्देशक एवं निर्माता अभिषेक पाठक ने कहा कि फिल्म के सामने सबसे बड़ी जिम्मेदारी उन किरदारों और कहानी को ऐसा अंत देने की थी, जिससे दर्शकों के पूरे सफर के साथ न्याय हो। उन्होंने कहा कि फिल्म का थिएट्रिकल अनुभव महत्वपूर्ण है और दुनियाभर के दर्शकों को एक बार फिर ‘दृश्यम’ की दुनिया में वापस लाने को लेकर टीम उत्साहित है।
पैनोरमा स्टूडियोज़ और ज़ी स्टूडियोज़ की साझेदारी का उद्देश्य फिल्म की अंतरराष्ट्रीय थिएट्रिकल पहुंच को बढ़ाना है। इस सहयोग के जरिए भारतीय सिनेमा की लोकप्रिय फ्रेंचाइजी को विदेशी बाजारों में व्यापक दर्शक वर्ग तक पहुंचाने की तैयारी है।
स्टार स्टूडियो18 द्वारा प्रस्तुत ‘दृश्यम: द कन्क्लूज़न’ 2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।







