0.लखीमपुर खीरी के चिल्ड्रेंस एकेडमी स्कूल में सोमवार को 26 वर्षीय शिक्षिका निशात फातिमा की गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना के बाद युवक सऊद अंसारी ने भी खुद को गोली मार ली, जिससे दोनों की मौके पर मौत हो गई.
लखीमपुर खीरी. सदर कोतवाली क्षेत्र में शाहपुरा कोठी चौराहे के पास स्थित चिल्ड्रेंस एकेडमी स्कूल में सोमवार को फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया. स्कूल की दूसरी मंजिल पर बच्चों को पढ़ा रही 26 वर्षीय शिक्षिका निशात फातिमा को युवक सऊद अंसारी क्लास से बाहर लेकर आया और ग्राउंड फ्लोर पर गोली मार दी. इसके बाद सऊद ने खुद को भी गोली मार ली, जिससे दोनों की मौके पर मौत हो गई.
क्लास से बाहर लाई शिक्षिका जानकारी के मुताबिक सऊद अंसारी बैग में असलहा लेकर स्कूल पहुंचा था. वह दूसरी मंजिल पर पहुंचा और निशात फातिमा का हाथ पकड़कर उन्हें क्लास से बाहर बरामदे में ले आया.
इसके बाद दोनों ग्राउंड फ्लोर पर पहुंचे. यहां किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई. इसी दौरान सऊद ने बैग से गन निकाली और निशात फातिमा पर लगातार तीन गोलियां चला दीं. गोली लगने के बाद शिक्षिका जमीन पर गिर गईं, जिसके बाद सऊद ने अपनी कनपटी पर गोली मार ली.फायरिंग से मची अफरा-तफरी स्कूल के भीतर अचानक गोलियां चलने से बच्चों और शिक्षकों में अफरा-तफरी मच गई. कई बच्चे डर के कारण चीखने लगे. स्कूल प्रबंधन ने तत्काल पुलिस को घटना की जानकारी दी.
सूचना मिलने पर पुलिस टीम स्कूल पहुंची और बिल्डिंग को खाली कराया. इसके बाद बच्चों को उनके परिजनों के साथ घर भेज दिया गया. घटना के बाद स्कूल परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. CCTV से जांच घटना की सूचना मिलते ही एसपी डॉ. ख्याति गर्ग, एएसपी पवन गौतम और सीओ सिटी विवेक तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और स्कूल स्टाफ से पूछताछ की. पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
मामले की जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि सऊद अंसारी असलहा लेकर स्कूल के अंदर कैसे पहुंचा. साथ ही शिक्षिका को क्लास से बाहर लाकर गोली मारने के पीछे की वजह भी स्पष्ट की जा रही है.पुलिस स्कूल में लगे सभी CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. इसके अलावा स्कूल स्टाफ और अन्य लोगों से पूछताछ कर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं. एसपी डॉ. ख्याति गर्ग के मुताबिक घटना के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं है. मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है.







