CG BREAKING: “बीजापुर” में सुरक्षाबलों–माओवादियों के बीच मुठभेड़, दो नक्सलियों के शव बरामद

बीजापुर,29 जनवरी 2026।
बीजापुर जिले के दक्षिणी क्षेत्र में गुरुवार सुबह सुरक्षाबलों और सशस्त्र माओवादियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में अब तक दो माओवादियों के शव बरामद किए गए हैं। मौके से एक AK-47 राइफल, 9 एमएम पिस्टल सहित अन्य हथियार एवं गोला-बारूद भी जब्त किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दक्षिण बस्तर क्षेत्र में माओवादियों की मौजूदगी की सूचना के आधार पर डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) की टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। इसी दौरान सुबह करीब 7 बजे से डीआरजी और माओवादियों के बीच रुक-रुक कर मुठभेड़ होती रही।

सर्चिंग के दौरान मुठभेड़ स्थल से दो माओवादियों के शव बरामद किए गए हैं। फिलहाल आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान लगातार जारी है।

अधिकारियों ने बताया कि चूंकि ऑपरेशन अभी भी प्रगति पर है, इसलिए मुठभेड़ के सटीक स्थान, अभियान में शामिल सुरक्षाबलों की संख्या तथा अन्य संवेदनशील जानकारियां साझा नहीं की जा सकतीं। यह एहतियात ऑपरेशन में तैनात जवानों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बरती जा रही है।

सर्च ऑपरेशन के पूर्ण होने के बाद घटना से संबंधित विस्तृत जानकारी अलग से जारी की जाएगी।