युवक को हुआ मेडिकल छात्रा से एकतरफा प्यार,पिटाई कर पुलिस को सौंपा

कानपुर, 20 नवंबर । हैलट अस्पताल में मेडिकल छात्रा से एकतरफा प्यार में पागल हुए आशिक की शनिवार को मामला प्रकाश में आते ही उसकी पिटाई करके पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस उसे हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।चकेरी थानाक्षेत्र के जाजमऊ निवासी तौहीर (32) बीते एक माह पूर्व अपनी आंख का उपचार कराने के लिए हैलट आया था। इस बीच तौहीर एक मेडिकल छात्रा को अपना दिल दे बैठा और प्रतिदिन वह उस छात्रा का एक झलक पाने के लिए हैलट अस्पताल का चक्कर लगाने लगा। एकतरफा प्यार में पागल हुआ तौहीर मेडिकल छात्रा का रोजाना पीछा करता था, इससे छात्रा का कॉलेज आना दुश्वार हो गया।

प्रतिदिन अंजान युवक द्वारा पीछा करने से आजिज छात्रा ने अपने सहपाठियों को इसकी जानकारी दी। शनिवार की दोपहर छात्रा के साथियों ने कॉलेज आये मनचले को धर दबोचा। इसके बाद उसकी पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना पर पहुंची डायल 112 की पुलिस ने आरोपित को मेडिकल स्टूडेंट के चंगुल से छुड़ाकर थाने ले गई। पुलिस पकड़े गए आरोपित से पूछताछ कर रही है। थाना प्रभारी स्वरूप नगर ने बताया कि छात्रा की ओर से अभी किसी प्रकार की कोई तहरीर नहीं आई है। तहरीर मिलते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।