Home / Chhattisgarh / छत्तीसगढ़ में गर्मी से बढ़ी परेशानी, 19 सितंबर से फिर तेज हो सकती है बारिश…

छत्तीसगढ़ में गर्मी से बढ़ी परेशानी, 19 सितंबर से फिर तेज हो सकती है बारिश…

रायपुर,18 सितंबर। छत्तीसगढ़ में मानसून की गतिविधियां कमजोर पड़ने के साथ ही तापमान में बढ़ोतरी का दौर शुरू हो गया है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में उमस और गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। गुरुवार को रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य दिनों की तुलना में अधिक रहा। हालांकि, मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में मौसम के करवट लेने के संकेत दिए हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार 19 सितंबर के आसपास अंडमान सागर और उसके आसपास के क्षेत्र में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है, जिसके प्रभाव से बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार शुक्रवार को भी छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना भी जताई गई है। अगले दो दिनों के दौरान मौसम में इसी तरह का बदलाव बने रहने के आसार हैं। इसके बाद 19 सितंबर से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में और तेजी आने की संभावना है।

राजधानी रायपुर में 18 सितंबर को आकाश आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है। यहां अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। लगातार बढ़ रही गर्मी और उमस के बीच बारिश होने से लोगों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश दर्ज की गई। पेंड्रा रोड, सल्हेवारा और चांपा में करीब 2-2 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस बिलासपुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रहा।

मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिणी छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भी बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव और उत्तर बस्तर कांकेर में आकाशीय बिजली, तेज हवा और बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अंडमान सागर में बनने वाला संभावित निम्न दबाव क्षेत्र धीरे-धीरे मजबूत होकर दक्षिण ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ सकता है। इसके प्रभाव से संबंधित क्षेत्रों में बारिश बढ़ने के साथ छत्तीसगढ़ में भी मानसूनी गतिविधियां तेज होने की संभावना है। ऐसे में फिलहाल गर्मी और उमस से परेशान लोगों को 19 सितंबर के बाद मौसम में बदलाव और बारिश से राहत मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *