Home / Chhattisgarh / कार्तिक पूर्णिमा पर कोरबा के सभी उपनगरों में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

कार्तिक पूर्णिमा पर कोरबा के सभी उपनगरों में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

ख़बर शेयर करें:

कोरबा, 24 नवंबर 2026। कार्तिक पूर्णिमा का पावन पर्व मंगलवार को कोरबा जिले में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। कोरबा शहर सहित जिले के सभी उपनगरीय क्षेत्रों बालकोनगर, दर्री, कुसमुंडा, गेवरा, दीपका, कटघोरा और पाली में सुबह से ही धार्मिक उत्साह का माहौल देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने नदी-तालाबों और जलाशयों में पवित्र स्नान कर भगवान विष्णु एवं भगवान शिव की पूजा-अर्चना की तथा दीपदान कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

सुबह से ही मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। महिलाओं ने पूजा-अर्चना कर दीप प्रज्वलित किए। कई स्थानों पर भजन-कीर्तन, धार्मिक अनुष्ठान और प्रसाद वितरण के कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। शाम होते ही मंदिरों, घरों और जलाशयों के आसपास दीपों की रोशनी से वातावरण भक्तिमय हो गया।

धार्मिक मान्यता के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा पर स्नान, दान और दीपदान का विशेष महत्व है। इस दिन देव दीपावली भी मनाई जाती है। मान्यता है कि भगवान शिव ने इसी दिन त्रिपुरासुर का वध कर देवताओं को उसके अत्याचारों से मुक्ति दिलाई थी। इसी खुशी में देवताओं ने दीपोत्सव मनाया था।

पंडित महात्मा प्रसाद तिवारी ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा सनातन धर्म का अत्यंत पुण्यकारी पर्व है। इस दिन भगवान विष्णु और भगवान शिव की पूजा, जरूरतमंदों को दान तथा दीपदान करने की विशेष परंपरा है। उन्होंने कहा कि ऐसे पर्व समाज में धार्मिक आस्था, सेवा, सद्भाव और भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं।

पूरे जिले में श्रद्धा और उत्साह के साथ कार्तिक पूर्णिमा का पर्व संपन्न हुआ।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *