वृद्धजन अपने आप को अकेला मत सोचें : राज्यपाल

वृद्धजन अपने आप को अकेला मत सोचें : राज्यपाल

January 11, 2025 Off By NN Express

राज्यपाल रमेन डेका ने समता वृद्धाश्रम को एक लाख रूपए की सहायता राशि प्रदान करने की घोषणा

राजनांदगांव  । राज्यपाल रमेन डेका ने आज जिले के प्रवास के दौरान  राजनांदगांव स्थित भगवान महावीर समता वृद्धाश्रम में वृद्धजनों से मुलाकात की। इस अवसर पर उन्होंने वृद्धजनों को फल प्रदान कर उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वृद्धजनों के कल्याण के लिए वृद्धा पेंशन योजना संचालित है। वृद्धा पेंशन योजना से सभी वृद्धजनों को लाभान्वित करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। राज्यपाल ने समता मंच वृद्धाश्रम को एक लाख रूपए की सहायता राशि प्रदान करने की घोषणा की। राज्यपाल ने कहा कि समता मंच द्वारा यह बहुत बड़ा कार्य किया जा रहा है। वृद्धाश्रम में वृद्धजन पारिवारिक एवं अन्य समस्याओं के कारण ही आते हैं और यह समस्या केवल एक क्षेत्र विशेष की नहीं बल्कि पूरे देश की है। उन्होंने यह भी कहा कि वृद्धजन अपने आप को अकेला मत सोचें, यहां अच्छे से रहें और आज के बारे में सोचें, अतीत में क्या हुआ है, उसके बारे में सोचकर दुखी न रहें।

इस अवसर पर संरक्षक समता वृद्धाश्रम के संरक्षक गौतम पारख ने बताया कि वर्ष 1995 में इस संस्था की स्थापना की गई। वर्ष 2005 से एक एकड़ में बने भवन में वृद्धाश्रम संचालित किया जा रहा है। तत्कालीन मुख्यमंत्री एवं वर्तमान के विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह द्वारा इस वृद्धाश्रम के भवन का शिलान्यास और लोकार्पण किया गया, तब से इस भवन में वृद्धाश्रम संचालित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह संस्था जनसहयोग से चल रही है। जनसहयोग से लगभग एक करोड़ रूपए की सहायता राशि मिल चुकी है। इसके साथ-साथ शासन-प्रशासन का हमेशा सहयोग मिलता रहा है। इस अवसर पर राज्यपाल की संयुक्त सचिव हीना अनिमेष नेताम, आईजी दीपक झा, कलेक्टर संजय अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग, वनमंडलाधिकारी आयुष जैन, जिला पंचायत सीईओ सुरूचि सिंह, अपर कलेक्टर इंदिरा नवीन प्रताप सिंह, आयुक्त नगर पालिक निगम अतुल विश्वकर्मा, एसडीएम  खेमलाल वर्मा, उप संचालक बीएल ठाकुर, समता मंच के अध्यक्ष गौतम कांकरिया, सचिव उम्मेद गिडिय़ा, राजेश गोलछा, सुधीर जैन, डॉ. मिश्रा, प्रबंधक अरविंद तिवारी सहित समता मंच के अन्य पदाधिकारी एवं वृद्धाश्रम के वृद्धजन उपस्थित थे।