
कोरबा: हाथियों ने डेरा जमाया ग्राम पीडिया के जंगल में
January 10, 2025(कोरबा) हाथियों ने डेरा जमाया ग्राम पीडिया के जंगल में
- किसानों की फसल को पहुंचा रहे नुकसान
कोरबा : कोरबा जिले के करतला वन परिक्षेत्र अंतर्गत स्थित ग्राम पीडिया का वातावरण हाथियों को रास आ गया है। यहां लगभग आधा दर्जन हाथी पिछले कई दिनों से डेरा जमाए हुए हैं और किसानों की फसल को लगातार नुकसान पहुंचा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार हाथियों ने क्षेत्र में प्रवास के दौरान पहले यहां लगे धान की फसल को चौपट किया। फिर एक-दो दिन के लिए रामपुर के रास्ते छाल रेंज पहुंचकर फिर वापस लौट आए। धान फसल कटने तथा मंडियों तक पहुंचने के बाद अब ग्रामीणों के खेतों में लगे रबी फसल को नुकसान पहुंचा रहे हैं। जिससे ग्रामीण काफी हलाकान हैं। यहां सक्रिय हाथियों की निगरानी वन विभाग द्वारा की जा रही है।
बताया जाता है कि क्षेत्र में चारा व पानी की पर्याप्त व्यवस्था के कारण हाथियों को यह क्षेत्र रास आ गया है। जहां ग्राम पीडिया क्षेत्र में आधा दर्जन हाथियों की उपस्थिति बनी हुई है, वहीं कुदमुरा रेंज में भी दो दर्जन से अधिक हाथी विचरण कर रहे हैं। जिनमें से 18 हाथी गीतकुंआरी जंगल क्षेत्र में विचरण कर रहे हैं, जबकि 8 हाथी लबेद क्षेत्र में घूम रहे हैं। हाथियों के दोनों ही दल ने कोई बड़ा नुकसान नहीं पहुंचाया है फिर भी उत्पाद की संभावना को देखते हुए वन अमला सतर्कता बरतते हुए हाथियों पर लगातार निगरानी बनाए हुए हैं। ग्राम गीतकुंआरी, लबेद सहित आसपास के ग्रामो में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क किया जा रहा है।