दि‍वालिया अनिल अंबानी के लिए कैसे उम्‍मीद की किरण बना बेटा? बनाई ₹2000 करोड़ की संपत्ति

दि‍वालिया अनिल अंबानी के लिए कैसे उम्‍मीद की किरण बना बेटा? बनाई ₹2000 करोड़ की संपत्ति

March 20, 2024 Off By NN Express

मुकेश अंबानी अभी भारत के सबसे अमीर व्यक्ति हैं। दुनिया के अमीरों में वह 11वें पायदान पर हैं। दूसरी ओर उनके भाई अनिल अंबानी ने फरवरी 2020 में ब्रिटेन की एक अदालत के समक्ष खुद को दीवालिया घोषित कर दिया था। अनिल अंबानी कई अदालती मामलों में शामिल हैं। हालांकि, उनके बेटे जय अनमोल अंबानी पूर्व अरबपति के लिए आशा की किरण बन रहे हैं।

नई दिल्‍ली: मुकेश अंबानी की तरह उनके भाई अनिल अंबानी भी कभी दुनिया के सबसे अमीर लोगों में शुमार थे। लेकिन, आज वह वित्तीय संकट से गुजर रहे हैं। 2020 में ब्रिटेन की एक अदालत में अनिल ने खुद को दिवालिया घोषित किया था। वह कई केसों में उलझे हुए हैं। यह और बात है कि मुश्किल वक्‍त में अनिल के बेटे जय अनमोल अंबानी परिवार के लिए उम्मीद की किरण बनकर उभरे हैं। ऐश्वर्य में पले-बढ़े अनमोल में कारोबार की गहरी समझ है। रिलायंस कैपिटल में शुरुआत करने के बाद उन्होंने तेजी से कॉर्पोरेट सीढ़ी चढ़ी हैं। अपने पिता की वित्तीय उथल-पुथल के बीच जय अनमोल अंबानी ने ग्रुप के शेयर मूल्य को मजबूत किया है। अनमोल की कुशल रणनीतियों ने जापान से निवेश आकर्षित किया है। साथ ही नए व्यापारिक उपक्रमों को प्रोत्साहित किया है।

अनिल अंबानी एक समय दुनिया के छठे सबसे अमीर शख्‍स थे। उनकी कुल संपत्ति 1.83 लाख करोड़ रुपये से ज्‍यादा थी। अनमोल अंबानी बेहद रईसी में पैदा हुए थे। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा मुंबई के कैथेड्रल और जॉन कॉनन स्कूलों से की। इसके बाद उन्होंने ब्रिटेन के सेवन ओक्स स्कूल में दाखिला लिया। हालांकि उनकी यात्रा आसान नहीं रही है।

बहुत कम उम्र में फैम‍िली ब‍िजनेस से जुड़े

अनमोल अंबानी बहुत ही कम उम्र में फैमिली बिजनेस से जुड़ गए थे। उनके पिता समूह की कई सहायक कंपनियों का नेतृत्व कर रहे थे। लेकिन, जूनियर अनिल अंबानी विशेष रूप से रिलायंस कैपिटल में सक्रिय थे। उन्होंने 18 साल की उम्र में रिलायंस म्यूचुअल फंड में इंटर्नशिप शुरू की थी। 2016 में एडिशनल डायरेक्‍टर के रूप में रिलायंस कैपिटल के बोर्ड में शामिल होने से पहले उन्होंने कई सालों तक विभिन्न पदों पर काम किया। उन्हें अक्सर अपने आधुनिक प्रबंधन कौशल और नए दृष्टिकोण के लिए श्रेय दिया जाता है। फिर वह रिलायंस निप्पॉन लाइफ एसेट मैनेजमेंट और रिलायंस होम फाइनेंस के बोर्ड में भी शामिल हुए।

शानदान ज‍िंंदगी जीते हैं अनमोल

अनिल अंबानी के बढ़ते वित्तीय संकटों के बीच अनमोल के नेतृत्‍व में समूह के शेयरों में मजबूती आई। अनमोल अंबानी की एंट्री ने रिलायंस समूह के शेयर की कीमतों में 40 फीसदी की भारी बढ़ोतरी की। युवा कारोबारी दिग्‍गज जापानी फर्म निप्पॉन को भी रिलायंस में अपनी भागीदारी बढ़ाने के लिए मनाने में कामयाब रहे। इससे दो नए वेंचर – रिलायंस लाइफ इंश्योरेंस और रिलायंस कैपिटल एसेट मैनेजमेंट शुरू करने में मदद मिली।

जागरण की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अनमोल अंबानी की नेटवर्थ अभी 2000 करोड़ रुपये से ज्यादा की है। अनिल अंबानी के बेटे और मुकेश अंबानी के भतीजे शानदार जिंदगी जीते हैं। उनके पास लेम्बोर्गिनी गैलार्डो और रोल्स-रॉयस फैंटम जैसी कुछ बेहद महंगी कारें हैं। उनके पास अपने खुद के हेलीकॉप्टर और प्‍लेन भी हैं। इसका इस्‍तेमाल वह व्यावसायिक यात्रा के लिए करते हैं।