Home / Chhattisgarh / 2.25 करोड़ रुपये की ड्रग्स बरामद, पानी की बोतलों में छिपाकर ले जा रहा था मैकेनिकल इंजीनियर, गिरफ्तार

2.25 करोड़ रुपये की ड्रग्स बरामद, पानी की बोतलों में छिपाकर ले जा रहा था मैकेनिकल इंजीनियर, गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें:

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 2.25 करोड़ रुपये कीमत का मेफेड्रोन (MD ड्रग्स) बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में कर्नाटक निवासी 28 वर्षीय मैकेनिकल इंजीनियर विशाख ए.एन. को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 970 ग्राम मेफेड्रोन मिला है, जिसे उसने पानी की बोतलों में छिपाकर रखा था।

पुलिस के अनुसार, आरोपी को शनिवार देर रात भोपाल के अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (ISBT) के पास पकड़ा गया। वह दिल्ली से नागपुर होते हुए बेंगलुरु जा रही एक यात्री बस में सफर कर रहा था। इसी दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर उसकी जांच की, जिसमें पानी की बोतलों में छिपाकर रखा गया 970 ग्राम मेफेड्रोन बरामद हुआ। जब्त नशीले पदार्थ की कीमत करीब 2.25 करोड़ रुपये आंकी गई है।

मामले के जांच अधिकारी असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर संजय शुक्ला ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी कर्नाटक का रहने वाला है और पेशे से मैकेनिकल इंजीनियर है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।

दिल्ली से बेंगलुरु तक तस्करी के नेटवर्क की जांच

करोड़ों रुपये के नशीले पदार्थ की बरामदगी के बाद पुलिस अब इसके स्रोत और तस्करी नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। जांच की जा रही है कि आरोपी को मेफेड्रोन कहां से मिला था और वह इसे बेंगलुरु में किस व्यक्ति तक पहुंचाने जा रहा था। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी किसी संगठित अंतरराज्यीय ड्रग तस्करी गिरोह से जुड़ा है या किसी अन्य व्यक्ति के निर्देश पर नशीले पदार्थ की आपूर्ति कर रहा था।

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके संभावित सहयोगियों, ड्रग्स के खरीदार और आपूर्ति से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *