Home / Business / 16,999 रुपये में लॉन्च हुआ Oppo का नया फोन, मिलेगी 7,000mAh बैटरी

16,999 रुपये में लॉन्च हुआ Oppo का नया फोन, मिलेगी 7,000mAh बैटरी

ओप्पो ने भारतीय बाजार में अपना नया स्मार्टफोन ओप्पो K14 Lite लॉन्च कर दिया है. कंपनी का यह नया K सीरीज फोन 6.75 इंच के बड़े डिस्प्ले और 120Hz रिफ्रेश रेट के साथ आता है. फोन में 7,000mAh की बड़ी बैटरी दी गई है, जिसे लेकर कंपनी का दावा है कि यह एक बार चार्ज करने पर 55.55 घंटे तक कॉलिंग टाइम दे सकती है. इसमें यूनिसोक T7250 प्रोसेसर, 4GB रैम और 64GB स्टोरेज मिलती है. फोन को धूल और पानी के छींटों से बचाव के लिए IP64 रेटिंग भी मिली है.

ओप्पो K14 Lite की कीमत और ऑफर
ओप्पो K14 Lite की भारत में कीमत 4GB रैम और 64GB स्टोरेज वाले वेरिएंट के लिए 16,999 रुपये रखी गई है. यह फोन फेदर पर्पल और स्टोन ब्राउन रंग में उपलब्ध है. कंपनी के मुताबिक, इसकी बिक्री आज से ओप्पो ई-स्टोर और फ्लिपकार्ट पर शुरू हो गई है. लॉन्च ऑफर के तहत चुनिंदा बैंक ऑफर के जरिए 1,000 रुपये का इंस्टेंट डिस्काउंट लिया जा सकता है, जिसके बाद फोन की प्रभावी कीमत 15,999 रुपये हो जाती है. इसके अलावा 3 महीने की नो-कॉस्ट ईएमआई का विकल्प भी मिलेगा.

120Hz डिस्प्ले और यूनिसोक प्रोसेसर
ओप्पो K14 Lite में 6.75 इंच का एचडी+ डिस्प्ले दिया गया है, जिसका रेजोल्यूशन 720 x 1,570 पिक्सल और रिफ्रेश रेट 120Hz है. कंपनी के अनुसार, स्क्रीन की पीक ब्राइटनेस 900 निट्स तक है. इसमें स्प्लैश टच, ऑयली-हैंड टच और ग्लव टच जैसे फीचर मिलते हैं, जिससे गीली या तैलीय उंगलियों और ग्लव्स के साथ भी स्क्रीन इस्तेमाल की जा सकती है. फोन एंड्रॉयड 16 पर आधारित कलरओएस 16 पर चलता है और इसमें यूनिसोक T7250 ऑक्टा-कोर प्रोसेसर के साथ 4GB LPDDR4X रैम और 64GB UFS 2.2 स्टोरेज है.

13MP कैमरा और 7,000mAh बैटरी
कैमरे की बात करें तो ओप्पो K14 Lite में ऑटोफोकस के साथ 13MP का रियर कैमरा और 5MP का फ्रंट कैमरा दिया गया है. कैमरा पोर्ट्रेट, नाइट और टाइम-लैप्स मोड सपोर्ट करता है. फोन में AI इरेजर, AI क्लियर फेस और AI स्मार्ट इमेज मैटिंग 2.0 जैसे AI फीचर भी हैं. यह गूगल जेमिनी और गूगल के AI असिस्टेंट को भी सपोर्ट करता है.

फोन में 7,000mAh बैटरी है, जो 1,800 चार्जिंग साइकल के बाद भी अपनी मूल क्षमता का 80 प्रतिशत से ज्यादा बनाए रखने का दावा करती है. इसमें 15W चार्जिंग और रिवर्स वायर्ड चार्जिंग सपोर्ट मिलता है. कंपनी के अनुसार, फोन 26.84 घंटे तक यूट्यूब प्लेबैक, 13.19 घंटे तक पबजी मोबाइल गेमिंग और 55.55 घंटे तक कॉलिंग दे सकता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *