कवर्धा, 03 अक्टूबर 2026। कबीरधाम पुलिस द्वारा संचालित स्वामी विवेकानंद एकेडमी में प्रशिक्षणार्थियों की शारीरिक दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार और अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन में आयोजित गतिविधियों में युवाओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और अपनी फिटनेस व प्रतिस्पर्धी क्षमता का प्रदर्शन किया।
स्वामी विवेकानंद एकेडमी के माध्यम से कबीरधाम सहित अन्य जिलों के बेरोजगार युवक-युवतियों को पुलिस भर्ती, आर्मी, सीआरपीएफ, बीएसएफ, सब-इंस्पेक्टर सहित विभिन्न सुरक्षा सेवाओं में भर्ती की तैयारी के लिए निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यहां इंडोर और आउटडोर गतिविधियों के साथ शारीरिक दक्षता, अनुशासन और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाती है।
इसी क्रम में प्रशिक्षणार्थियों ने सुबह 10 किलोमीटर रोड रनिंग में हिस्सा लिया। इसके बाद स्वामी कालपात्री ग्राउंड में बालकों के लिए 1500 मीटर और बालिकाओं के लिए 800 मीटर दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में प्रशिक्षणार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।
बालक वर्ग की 1500 मीटर दौड़ में शोभित धुर्वे ने प्रथम, यशवंत साहू ने द्वितीय, निखिल ने तृतीय और धनेश्वर साहू ने चतुर्थ स्थान हासिल किया। वहीं बालिका वर्ग की 800 मीटर दौड़ में नीमा धुर्वे प्रथम, हेमलता पोर्ते द्वितीय, पूजा पटेल तृतीय और रानू खुसरो चतुर्थ स्थान पर रहीं।

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को पुलिस अनुविभागीय अधिकारी (अजाक/क्राइम) प्रशांत देवांगन ने नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया और उनका उत्साहवर्धन किया। एकेडमी के प्रशिक्षक दशरथ साहू और रीना शर्मा प्रशिक्षणार्थियों को नियमित रूप से शारीरिक दक्षता और भर्ती परीक्षाओं की तैयारी करा रहे हैं।
कबीरधाम पुलिस की यह पहल युवाओं को निःशुल्क प्रशिक्षण और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के साथ उनकी शारीरिक क्षमता, आत्मविश्वास और अनुशासन को मजबूत करने में मदद कर रही है। इससे पुलिस एवं अन्य सुरक्षा सेवाओं में रोजगार की तैयारी कर रहे युवाओं को बेहतर अवसर मिल रहा है।







