कोरबा, 06 अक्टूबर। ‘चलो आयुर्वेद की ओर’ मिशन के तहत लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट, पतंजलि चिकित्सालय एवं श्री शिव औषधालय के संयुक्त तत्वावधान में बच्चों के स्वास्थ्य और रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने के उद्देश्य से ‘बच्चे रहें स्वस्थ’ योजना के अंतर्गत स्वर्ण बिंदु प्राशन संस्कार कराया गया। सोमवार, 5 अक्टूबर 2026 को पुष्य नक्षत्र के शुभ अवसर पर महानदी कॉम्प्लेक्स, निहारिका स्थित पतंजलि चिकित्सालय एवं श्री शिव औषधालय में नाड़ी वैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा के मार्गदर्शन में आयुर्वेदिक इम्यूनाइजेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें अंचल के सैकड़ों बच्चों ने भाग लिया।
स्वर्ण बिंदु प्राशन करा रहे श्रुति सारथी और दिव्यांशु सारथी की माता श्याम सारथी ने बताया कि वह वर्ष 2022 से प्रत्येक माह पुष्य नक्षत्र में अपने दोनों बच्चों को स्वर्ण बिंदु प्राशन संस्कार करा रही हैं। उन्होंने बताया कि उनके बच्चों को पिछले चार वर्षों से सर्दी-खांसी जैसी सामान्य मौसमी समस्या भी नहीं हुई और दोनों बच्चे सक्रिय रहते हैं। उन्होंने पतंजलि चिकित्सालय, श्री शिव औषधालय की संचालिका प्रतिभा शर्मा और चिकित्सक डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा के प्रति आभार जताया।
डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने बताया कि स्वर्ण बिंदु प्राशन संस्कार आयुर्वेद में बच्चों के स्वास्थ्य से जुड़ी प्राचीन परंपरा है। इसका उल्लेख काश्यप संहिता और सुश्रुत संहिता जैसे आयुर्वेदिक ग्रंथों में मिलता है। उन्होंने कहा कि समय के साथ यह परंपरा काफी हद तक विलुप्त हो गई है और संस्थान द्वारा इसे पुनर्जीवित करने का प्रयास किया जा रहा है।
शिविर में प्रतिभा शर्मा सहित नेत्रनंदन साहू, कमल धारिया, अरुण मानिकपुरी, अश्वनी बुनकर, सिद्धराम सारथी, अनुराग कंवर, शैल कुमारी निषाद, गुनगुन राठिया एवं पंचकर्म टेक्नीशियन पिंकी बरेठ ने सहयोग दिया।







