रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा की नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी रविवार को रायपुर पहुंचीं। एयरपोर्ट पर उनका स्वागत सादगी के साथ किया गया। पार्टी संगठन की ओर से नामित 16 पदाधिकारी और विधायक उनके स्वागत के लिए पहुंचे। इस दौरान न तो ढोल-ताशे बजाए गए और न ही किसी मंत्री को आमंत्रित किया गया। स्वागत के लिए प्रस्तावित भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की बाइक रैली भी स्थगित कर दी गई। एयरपोर्ट से भाजपा कार्यालय तक पार्टी के झंडे लगाए गए थे। यहां पहुंचने पर भी स्मृति ईरानी का स्वागत सादगीपूर्ण तरीके से किया गया। उनके साथ प्रदेश सह-प्रभारी सिद्धार्थ शंभू भी रायपुर पहुंचे।
स्मृति ईरानी और सिद्धार्थ शंभू 25 और 26 अक्टूबर को प्रदेश भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में संगठन के पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ कुल 12 बैठकों में शामिल होंगे। दोनों वरिष्ठ नेताओं के आगमन के साथ ही प्रदेश भाजपा में संगठनात्मक गतिविधियों, चुनावी रणनीति और पार्टी की भावी कार्ययोजना को लेकर बैठकों का सिलसिला शुरू हो गया है। इस दौरे को आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों की तैयारियों के साथ-साथ भाजपा के मिशन 2028-29 के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
रविवार को बैठकों की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के सामूहिक श्रवण से होगी। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री (संगठन), प्रदेश महामंत्रियों और अन्य पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक समीक्षा तथा रणनीतिक चर्चा की जाएगी। संभाग और जिला स्तर के प्रभारियों के साथ भी बैठक होगी। पार्टी संगठन की कार्यप्रणाली, आगामी कार्यक्रमों और जनसंपर्क गतिविधियों की समीक्षा बैठक के प्रमुख एजेंडों में शामिल रहेगी।
दोपहर 3.30 बजे से शाम 5 बजे तक पूर्व विधायकों और सांसदों के साथ चर्चा प्रस्तावित है। इसके बाद शाम 5.30 बजे से पूर्व प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक होगी। दिन के अंत में शाम 7 बजे से रात 8.30 बजे तक भाजपा कोर ग्रुप की बैठक आयोजित की जाएगी। इन बैठकों के जरिए संगठन के वर्तमान और पूर्व पदाधिकारियों से संवाद कर पार्टी की आगामी रणनीति पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
सोमवार को दूसरे दिन स्मृति ईरानी और सिद्धार्थ शंभू राज्य के सभी भाजपा विधायकों, सांसदों तथा मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ अलग-अलग बैठकें करेंगे। सुबह 10 बजे से 11.30 बजे तक विधायकों के साथ संगठनात्मक चर्चा होगी। इसके बाद सुबह 11.30 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक सांसदों और दोपहर 12.30 बजे से 2 बजे तक राज्य मंत्रिमंडल के मंत्रियों के साथ बैठक निर्धारित है। दोपहर 3 बजे से निगम, मंडल, आयोग और बोर्ड के अध्यक्षों तथा उपाध्यक्षों के साथ समीक्षा की जाएगी। शाम 4.30 बजे से विचार परिवार के प्रमुख पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों के साथ संवाद होगा।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, स्मृति ईरानी ने दौरे से पहले मंत्री, सांसद, विधायक और संगठन के पदाधिकारियों को व्यक्तिगत प्रचार के बजाय केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को सोशल मीडिया के माध्यम से जनता तक पहुंचाने पर जोर देने के निर्देश दिए हैं। भाजपा का आईटी सेल वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों की सोशल मीडिया गतिविधियों पर भी नजर रखेगा। उनके आधिकारिक हैंडल से साझा की जाने वाली सामग्री और सक्रियता के आधार पर रिपोर्ट कार्ड तैयार करने की योजना है।
भाजपा नेतृत्व की इस कवायद को संगठन को अधिक सक्रिय बनाने, सरकार की योजनाओं के प्रचार-प्रसार को मजबूत करने और आगामी चुनावों के लिए कार्यकर्ताओं को तैयार करने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। दो दिवसीय दौरे के दौरान पूर्व और वर्तमान पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा विभिन्न निगमों और मंडलों के प्रमुखों के साथ होने वाला संवाद प्रदेश में पार्टी की भावी राजनीतिक दिशा तय करने में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।






