Home / Chhattisgarh / सीएम विष्णु देव साय की मौजूदगी में 7-8 अक्टूबर को राज्य स्तरीय रोजगार मेला, 8 हजार से अधिक पदों पर नौकरी का मौका

सीएम विष्णु देव साय की मौजूदगी में 7-8 अक्टूबर को राज्य स्तरीय रोजगार मेला, 8 हजार से अधिक पदों पर नौकरी का मौका

ख़बर शेयर करें:

रायपुर, 05 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए राजधानी रायपुर में 7 और 8 अक्टूबर 2026 को राज्य स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मुख्य आतिथ्य में यह रोजगार मेला बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित होगा। मेले में तकनीकी और गैर-तकनीकी क्षेत्रों के 8 हजार से अधिक रिक्त पदों पर युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे।

कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग द्वारा आयोजित इस रोजगार मेले की अध्यक्षता विभागीय मंत्री गुरु खुशवंत साहेब करेंगे। प्रदेश के बड़े उद्योगों और निजी प्रतिष्ठानों को मेले में शामिल किया जा रहा है, ताकि युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध रोजगार के अवसरों से सीधे जुड़ने का मौका मिल सके।

विभाग के सचिव बसवराजू एस. ने बताया कि इच्छुक युवा ई-रोजगार पोर्टल (erojgar.cg.gov.in) पर उपलब्ध रिक्तियों की जानकारी देख सकते हैं और रोजगार मेले के लिए अपना पंजीयन करा सकते हैं। युवाओं को उनकी शैक्षणिक योग्यता और कौशल के अनुरूप विभिन्न कंपनियों एवं संस्थानों में नौकरी के लिए आवेदन करने का अवसर मिलेगा।

रोजगार मेले में चयनित अभ्यर्थियों को कार्यक्रम के दौरान ऑफर लेटर प्रदान किए जाने की भी तैयारी है। इसके अलावा युवाओं को निजी क्षेत्र की कंपनियों में उपलब्ध रोजगार की जानकारी दी जाएगी।

अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों और अन्य माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। शासन ने संबंधित विभागों और जिलों को युवाओं तक रोजगार मेले की जानकारी पहुंचाने तथा उनकी सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *