सारंगढ़। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला भाजपा में अंदरूनी असंतोष और कार्यकर्ताओं की नाराजगी को लेकर एक बार फिर सियासी हलचल तेज हो गई है। प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा के सारंगढ़ प्रवास के दौरान शहर मंडल अध्यक्ष जयप्रकाश बानी द्वारा भाजपा जिलाध्यक्ष ज्योतिलाल पटेल को इस्तीफा सौंपे जाने से संगठन में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। बानी ने अपने इस्तीफे में कार्यकर्ताओं की उपेक्षा और उनके काम नहीं होने का आरोप लगाते हुए संगठन के सभी दायित्वों से मुक्त किए जाने की मांग की है।
बताया जा रहा है कि शहर मंडल अध्यक्ष जयप्रकाश बानी ने प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा की मौजूदगी में कार्यकर्ताओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों को उठाया। गणेश विसर्जन के दौरान स्थानीय पुलिसकर्मियों पर गणेश समितियों के युवाओं के साथ कथित दुर्व्यवहार, धूमाल वाहनों पर कार्रवाई तथा राजापारा गणेश उत्सव समिति के धूमाल वाहन को सरसीवां थाना में जब्त किए जाने जैसे मामलों को लेकर भी कार्यकर्ताओं में नाराजगी की चर्चा रही। इन मामलों में कार्रवाई की मांग किए जाने के बावजूद तत्काल समाधान नहीं होने से कार्यकर्ताओं में असंतोष बढ़ने की बात सामने आई। इसी बीच जयप्रकाश बानी ने जिलाध्यक्ष ज्योतिलाल पटेल को अपना इस्तीफा सौंप दिया।
इस्तीफे में बानी ने कार्यकर्ताओं की उपेक्षा का मुद्दा उठाते हुए कहा है कि कार्यकर्ताओं के काम नहीं होने से उन्हें पीड़ा हो रही है। हालांकि, इस्तीफा सौंपे जाने के बाद जिला संगठन की ओर से इसे स्वीकार किए जाने या नहीं किए जाने को लेकर तत्काल कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। इस घटनाक्रम ने आगामी नगर पालिका चुनाव से पहले सारंगढ़ भाजपा की संगठनात्मक स्थिति को लेकर चर्चाओं को और तेज कर दिया है।
सारंगढ़ भाजपा में असंतोष की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भाजपा नेता हरिनाथ खूंटे द्वारा मंत्री दयालदास बघेल के सारंगढ़ प्रवास के दौरान कार्यकर्ताओं के सम्मान से जुड़े मुद्दे को लेकर धरना दिए जाने की घटना भी चर्चा में रही थी। वहीं, पूर्व मंडल अध्यक्ष रामकुमार थुरिया की सोशल मीडिया पोस्ट के बाद कनकबीरा में प्रस्तावित पुलिस चौकी भवन के लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर भी राजनीतिक हलकों में चर्चा हुई। जिला प्रशासन द्वारा प्रभारी मंत्री के प्रवास को लेकर जारी प्रस्तावित कार्यक्रम में कनकबीरा पुलिस चौकी भवन के लोकार्पण का उल्लेख था, लेकिन बाद में कार्यक्रम में बदलाव किया गया।
इधर, सारंगढ़ और बरमकेला जनपद पंचायतों में भाजपा समर्थित जनपद सदस्यों की कथित उपेक्षा का मुद्दा भी सामने आने की बात कही जा रही है। 16वें वित्त आयोग के मद में विकास कार्यों के प्रस्ताव और राशि आवंटन को लेकर कुछ भाजपा समर्थित सदस्यों द्वारा आपत्ति जताए जाने की चर्चा है। इन मामलों को लेकर वित्त मंत्री ओपी चौधरी और जिला प्रशासन के समक्ष शिकायत पहुंचने की बात भी कही जा रही है। हालांकि, इन आरोपों और शिकायतों पर संबंधित पक्षों का आधिकारिक पक्ष सामने आना अभी बाकी है।
लगातार सामने आ रहे इन घटनाक्रमों के बीच भाजपा जिला नेतृत्व की कार्यप्रणाली को लेकर भी पार्टी के भीतर चर्चा होने लगी है। आगामी नगर पालिका चुनाव को देखते हुए संगठन के सामने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को एकजुट रखने की चुनौती है। स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ताओं के काम नहीं होने और उनकी उपेक्षा के आरोप यदि लगातार सामने आते हैं तो इसका असर संगठन की चुनावी तैयारियों पर पड़ सकता है, ऐसी चर्चा राजनीतिक गलियारों में है।
वहीं, पार्टी की स्थानीय गतिविधियों और चुनावी तैयारियों को लेकर भी कार्यकर्ताओं के बीच सवाल उठाए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि नगर पालिका चुनाव को लेकर पार्टी के चुनाव प्रभारी रजनीश सिंह ने स्थानीय विकास कार्यों और नगर से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रेस के माध्यम से विपक्ष पर सवाल उठाने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद स्थानीय स्तर पर पार्टी की ओर से अपेक्षित सक्रियता नहीं दिखाई देने की बात कुछ कार्यकर्ताओं द्वारा कही जा रही है।
फिलहाल शहर मंडल अध्यक्ष जयप्रकाश बानी का इस्तीफा सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला भाजपा के भीतर चल रही खींचतान और कार्यकर्ताओं की नाराजगी से जुड़ी चर्चाओं का नया केंद्र बन गया है। अब नजर इस बात पर है कि जिला संगठन इस्तीफे को स्वीकार करता है या वरिष्ठ नेताओं की मध्यस्थता से मामले को सुलझाने का प्रयास किया जाता है। आगामी नगर पालिका चुनाव से पहले संगठन इस घटनाक्रम को किस तरह संभालता है, यह आने वाले दिनों में स्पष्ट होगा।







