- 200 एमएल पैकिंग वाले विशेष बैच को खाद्य विश्लेषक ने घोषित किया असुरक्षित, बाजार से स्टॉक वापस लेने के निर्देश
सक्ती, 27 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में गोवर्धन प्योर काउड घी को लेकर खाद्य सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला सामने आया है। घी के एक विशेष बैच की प्रयोगशाला जांच में निर्धारित मानक से 2.6 गुना अधिक लेड (सीसा) पाया गया है। जांच रिपोर्ट में घी को असुरक्षित घोषित किए जाने के बाद खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने संबंधित बैच की बिक्री और वितरण पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। साथ ही बाजार में उपलब्ध स्टॉक वापस लेने के निर्देश जारी किए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिलासपुर जिले के खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा गोवर्धन प्योर काउड घी का नमूना लिया गया था। यह नमूना 200 एमएल पैकिंग वाले बैच नंबर BGHE26C29B का था। इसकी पैकिंग तिथि 29 मार्च 2026 और अवसान तिथि 28 मार्च 2027 अंकित है।
प्रयोगशाला जांच में घी के नमूने में लेड की मात्रा 0.052 पीपीएम पाई गई, जबकि निर्धारित अधिकतम सीमा 0.02 पीपीएम है। इस तरह नमूने में सीसे की मात्रा तय मानक से 2.6 गुना अधिक मिली। खाद्य विश्लेषक ने जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित घी को असुरक्षित घोषित किया है।
जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य एवं औषधि प्रशासन जिला सक्ती ने संबंधित बैच की बिक्री एवं वितरण पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया है। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 की धारा 28 और एफएसएस (फूड रिकॉल प्रोड्यूसर) रेगुलेशन 2017 के तहत संबंधित खाद्य कारोबारकर्ता को प्रभावित बैच का रिकॉल शुरू करने और बाजार में वितरित स्टॉक वापस लेने के निर्देश दिए गए हैं।
उपभोक्ताओं को इस्तेमाल नहीं करने की सलाह
खाद्य पदार्थों में लेड जैसे भारी धातु की अधिक मात्रा स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकती है। विशेष रूप से बच्चों के मस्तिष्क और तंत्रिका तंत्र पर इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। ऐसे में प्रशासन की इस कार्रवाई को उपभोक्ताओं की सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करने के निर्देश दिए हैं। वहीं उपभोक्ताओं से पैक्ड खाद्य सामग्री खरीदते समय लेबल, बैच नंबर और एक्सपायरी डेट की जांच करने की अपील की गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी उपभोक्ता के पास गोवर्धन प्योर काउड घी का 200 एमएल पैक, बैच नंबर BGHE26C29B उपलब्ध है, तो उसका इस्तेमाल न करें और आगे की जानकारी के लिए संबंधित खाद्य सुरक्षा अधिकारी से संपर्क करें।







