Home / Chhattisgarh / रायपुर रेलवे स्टेशन पर पकड़ा गया 300 किलो संदिग्ध पनीर, भोपाल से ट्रेन के जरिए पहुंची थी खेप; जांच के लिए भेजे गए सैंपल

रायपुर रेलवे स्टेशन पर पकड़ा गया 300 किलो संदिग्ध पनीर, भोपाल से ट्रेन के जरिए पहुंची थी खेप; जांच के लिए भेजे गए सैंपल

ख़बर शेयर करें:

रायपुर, 14 नवंबर। छत्तीसगढ़ में एनालॉग पनीर और अन्य डेयरी उत्पादों पर प्रतिबंध के बावजूद संदिग्ध पनीर का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला राजधानी रायपुर के रेलवे स्टेशन से सामने आया है, जहां खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने करीब 300 किलो संदिग्ध पनीर जब्त किया है। यह खेप मध्यप्रदेश के भोपाल से ट्रेन के जरिए रायपुर लाई गई थी। विभाग ने पनीर के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं। साथ ही खेप के मालिक की पहचान भी की जा रही है।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के अभिहित अधिकारी विनोद गुप्ता के मुताबिक, रेलवे स्टेशन पर बरामद पनीर की गुणवत्ता संदिग्ध पाई गई है। जब्त की गई खेप में 150 किलो पनीर बालाजी एंटरप्राइजेज कंपनी का है, जबकि शेष 150 किलो पनीर बिना किसी ब्रांड और लोगो के मिला है। विभाग की टीम ने पूरे माल को अपने कब्जे में लेकर सैंपल जांच के लिए भेजे हैं।

जांच रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई

बता दें कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ सरकार ने एनालॉग पनीर और अन्य डेयरी एनालॉग उत्पादों के निर्माण, प्रसंस्करण, भंडारण, परिवहन, वितरण और बिक्री पर प्रतिबंध लगाया है। इसके बावजूद ऐसे उत्पादों की सप्लाई और खपत की कोशिशें सामने आ रही हैं।

फिलहाल रायपुर रेलवे स्टेशन पर जब्त किए गए 300 किलो पनीर की जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट में गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *