Home / Chhattisgarh / रायपुर में सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों की चोरी करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार, सोने-चांदी के जेवर और पल्सर बाइक जब्त

रायपुर में सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों की चोरी करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार, सोने-चांदी के जेवर और पल्सर बाइक जब्त

ख़बर शेयर करें:

रायपुर, 30 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। डी.डी. नगर थाना क्षेत्र के डंगनिया में हुई चोरी की इस वारदात का खुलासा एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा डी.डी. नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने किया है। आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, छह घड़ियां और वारदात में इस्तेमाल पल्सर मोटरसाइकिल सहित लगभग 1.50 लाख रुपये का सामान जब्त किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।

पुलिस के अनुसार, डंगनिया निवासी स्वरोचिष मिश्रा ने डी.डी. नगर थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 22 अक्टूबर की रात वह अपने घर में ताला लगाकर बाहर गए थे। अगले दिन 23 अक्टूबर की सुबह वापस लौटने पर घर के सभी दरवाजों के ताले टूटे मिले। कमरे का सामान बिखरा हुआ था और अलमारी का लॉकर भी टूटा हुआ था। लॉकर में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी गायब थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 676/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305(ए) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) रॉबिन्सन गुरिया ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और डी.डी. नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए और स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई।

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मोतीनगर निवासी यशवंत उर्फ लक्की दास मानिकपुरी को घटना की रात कुछ लोगों के साथ संदिग्ध अवस्था में इलाके में देखा गया था। पुलिस ने उसकी तलाश कर हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने दो साथियों शेख मोसिन उर्फ अल्ताफ और परमेश्वर निर्मलकर उर्फ बाबा के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने दोनों अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण, छह घड़ियां और वारदात में इस्तेमाल पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 LU 4432 जब्त की है। जब्त सामान की कुल अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान यशवंत उर्फ लक्की दास मानिकपुरी (18 वर्ष 3 माह), शेख मोसिन उर्फ अल्ताफ (19 वर्ष) और परमेश्वर निर्मलकर उर्फ बाबा (20 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र अंतर्गत मोतीनगर के रहने वाले हैं।

पुलिस के मुताबिक, यशवंत उर्फ लक्की दास मानिकपुरी पूर्व में लूट और चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। वहीं शेख मोसिन उर्फ अल्ताफ भी चोरी और आर्म्स एक्ट के मामलों में जेल निरुद्ध रह चुका है। फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *