Home / Chhattisgarh / रायपुर में उर्स के दौरान पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 11 चाकू और 350 से अधिक धातु के कड़े जब्त

रायपुर में उर्स के दौरान पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 11 चाकू और 350 से अधिक धातु के कड़े जब्त

ख़बर शेयर करें:

50 से अधिक संदिग्धों की जांच, एक आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज; नौ लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

रायपुर। राजधानी रायपुर में बंजारी दरगाह उर्स के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने 11 चाकू और 350 से अधिक धातु के कड़े जब्त किए। जब्त किए गए कड़ों का कुल वजन लगभग 45 किलोग्राम बताया गया है। मामले में एक व्यक्ति के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया, जबकि नौ अन्य लोगों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के डीसीपी सेंट्रल जोन तारकेश्वर पटेल के निर्देश पर तथा एडिशनल डीसीपी विवेक शुक्ला के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। उर्स के अवसर पर निकाले गए संदल एवं चादर जुलूस में शामिल संदिग्ध व्यक्तियों की जांच के दौरान पुलिस को ये चाकू और धातु के कड़े मिले। पुलिस ने अवैध हथियारों की धरपकड़, आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने तथा आयोजन के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया।

पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान 50 से अधिक संदिग्ध व्यक्तियों को पूछताछ एवं जांच के लिए थाने लाया गया। जांच के बाद नौ व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170, 126 एवं 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। इन सभी नौ व्यक्तियों को विशेष कार्यपालक मजिस्ट्रेट, सिटी कोतवाली के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने हाथ में पहनने वाले 350 से अधिक धातु के कड़े भी जब्त किए, जिनका कुल वजन करीब 45 किलोग्राम है। पुलिस ने चाकू और अन्य संदिग्ध वस्तुओं की बरामदगी के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की है।

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा अवैध हथियार रखने वालों, संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों तथा असामाजिक तत्वों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि त्योहारों और धार्मिक आयोजनों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने, आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना बढ़ाने तथा किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए नियमित जांच और विशेष निगरानी की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *