रायगढ़, 05 अक्टूबर 2026। घरघोड़ा पुलिस ने वाहन चोरी के एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बुलेट, टीवीएस जुपिटर, हीरो स्प्लेंडर प्लस और एन.एक्स.जी. मोटरसाइकिल समेत कुल चार चोरी के दुपहिया वाहन बरामद किए हैं। बरामद वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई गई है। गिरफ्तार आरोपियों में दो सगे भाई और उनका चचेरा भाई शामिल हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर जिले में वाहन चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की लगातार जांच की जा रही है। इसी अभियान के दौरान घरघोड़ा पुलिस ने 3 अक्टूबर को वाहन चेकिंग के दौरान तीन संदिग्धों को चोरी की स्कूटी पर पकड़ा। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने वाहन चोरी की कई घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया।
मामले की शुरुआत 19 सितंबर 2026 को हुई शिकायत से हुई थी। घरघोड़ा निवासी सुनील शर्मा ने पुलिस को बताया था कि 18 सितंबर को उनके घर के सामने खड़ी टीवीएस जुपिटर स्कूटी क्रमांक CG-13-AV-9139 चोरी हो गई। शिकायत पर थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 292/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर संदिग्धों की तलाश शुरू की।
इसी दौरान वाहन चेकिंग में पुलिस ने चोरी की उसी स्कूटी पर सवार तीन युवकों को पकड़ा। पूछताछ में उनकी पहचान मिलन दास महंत, हरिशंकर महंत और कन्हैया दास महंत के रूप में हुई। आरोपियों ने बताया कि वे चोरी की स्कूटी से दोबारा वाहन चोरी करने के लिए क्षेत्र में रेकी कर रहे थे।
पूछताछ में सामने आया कि मिलन दास महंत और हरिशंकर महंत सगे भाई हैं, जबकि कन्हैया दास महंत उनका चचेरा भाई है। हरिशंकर मोटरसाइकिल मैकेनिक है और कन्हैया सक्ती क्षेत्र में ड्रायवरी करता है। वाहनों और उनके कल-पुर्जों की जानकारी का फायदा उठाकर तीनों ने दुपहिया वाहन चोरी कर उन्हें बेचने की योजना बनाई थी।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने मई 2026 में छाल के बरभौना चौक के पास से एन.एक्स.जी. मोटरसाइकिल चोरी की थी। इसके बाद घरघोड़ा के नवापारा चौक से चाबी लगी हालत में खड़ी बुलेट चोरी की। करीब दो माह पहले छाल के बोजिया स्थित मस्जिद के पास से हीरो स्प्लेंडर प्लस और एन.एक्स.जी. मोटरसाइकिल चोरी करने की बात भी आरोपियों ने स्वीकार की है। 18 सितंबर को घरघोड़ा से टीवीएस जुपिटर चोरी करने के बाद तीनों उसी स्कूटी से दोबारा चोरी की तलाश में निकले थे, लेकिन पुलिस की चेकिंग में पकड़े गए।
पुलिस ने बरामद बुलेट की जानकारी सशक्त मोबाइल ऐप के माध्यम से जांची तो उसके संबंध में थाना सुपेला, जिला दुर्ग में वाहन चोरी का मामला दर्ज मिला। इसके बाद चारों चोरी के वाहनों को जब्त कर लिया गया। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में मिलन दास महंत (30), निवासी ग्राम पुसल्दा, थाना छाल, हरिशंकर महंत (24), निवासी ग्राम पुसल्दा, थाना छाल और कन्हैया दास महंत (37), निवासी महंत मोहल्ला, डभरा, जिला सक्ती शामिल हैं।
यह कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के पर्यवेक्षण में की गई। थाना प्रभारी घरघोड़ा कुमार गौरव साहू, प्रधान आरक्षक विक्रम चौरसिया, आरक्षक हरीश पटेल, उद्धव पटेल और स्थानीय पुलिस सहयोगी कालिया गुप्ता की कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका रही।







