Raigarh Crime News: रायगढ़ में दीपावली की रात पटाखा फोड़ने को लेकर शुरू हुआ विवाद अगले दिन मारपीट और अपहरण जैसी वारदात में बदल गया। युवक के घर में घुसकर मारपीट करने और उसे जबरन कार में बैठाकर ले जाने के मामले में कोतवाली पुलिस ने मुख्य आरोपी अरुण शर्मा (20) को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पुलिस की लगातार दबिश के बाद न्यायालय में आत्मसमर्पण किया था। पुलिस ने एक दिन का रिमांड लेकर पूछताछ की और वारदात में इस्तेमाल सफेद ऑल्टो कार सहित अन्य सामान जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, मामला 8 नवंबर 2026 की रात का है। हण्डी चौक निवासी 18 वर्षीय निमिश अग्रवाल अपने दोस्त आकर्ष शर्मा के साथ सिग्नल चौक के पास पटाखे फोड़ रहा था। इसी दौरान वहां मौजूद हनी अग्रवाल, अरुण शर्मा, लक्ष्य शुक्ला और अन्य युवकों ने कमेंट करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर अरुण शर्मा और हनी अग्रवाल ने निमिश के साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे आकर्ष शर्मा के सिर पर अरुण शर्मा ने हाथ में पहने स्टील के कड़े से वार कर दिया।
अगली सुबह घर में घुसकर की मारपीट, जबरन कार में बैठाकर ले गए
विवाद के अगले दिन 9 नवंबर की सुबह करीब 7 बजे अरुण शर्मा, हनी अग्रवाल, लक्ष्य शुक्ला और दीप अग्रवाल सफेद ऑल्टो कार से निमिश के घर पहुंचे। उस समय निमिश घर में सो रहा था। आरोपियों ने जबरन घर में घुसकर पटाखे फोड़ने की बात पर गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की। इस दौरान अरुण शर्मा ने जूता निकालकर निमिश के सिर पर मारा और जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद आरोपी निमिश को जबरन कार में बैठाकर बोईरदादर स्टेडियम के आगे एचपी गैस एजेंसी के पास ले गए, जहां उसके साथ दोबारा मारपीट की गई। इस घटना का वीडियो भी बनाया गया। बाद में आरोपी उसे हण्डी चौक के पास छोड़कर फरार हो गए।
एक आरोपी पहले गिरफ्तार, मुख्य आरोपी ने किया आत्मसमर्पण
पीड़ित की शिकायत पर 9 नवंबर को कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 660/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 12 नवंबर को आरोपी दीप अग्रवाल (26 वर्ष), निवासी कोतरारोड़ को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही थी।
पुलिस की लगातार दबिश और बढ़ते दबाव के बीच मुख्य आरोपी अरुण शर्मा ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने न्यायालय से एक दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त कर उससे पूछताछ की। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त सफेद ऑल्टो कार क्रमांक CG 13 AS 1381, एक मोबाइल, स्टील का कड़ा और जूता जब्त किया है। कार्रवाई के बाद आरोपी को पुनः न्यायालय में पेश कर जेल दाखिल कराया गया।
वरिष्ठ SP शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में कोतवाली TI निरीक्षक अमित तिवारी, उप निरीक्षक ऐनु देवांगन और पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मामले में हनी अग्रवाल और लक्ष्य शुक्ला की तलाश जारी है।







