0 ऑपरेशन आघात के तहत घरघोड़ा पुलिस की कार्रवाई, ग्राहक तलाशते पकड़े गए दोनों आरोपी; एनडीपीएस एक्ट के तहत भेजे गए जेल
रायगढ़, 26 नवंबर 2026। जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन आघात के तहत घरघोड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित नशीली सिरप के कारोबार में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 26 शीशी प्रतिबंधित ONEREX Cough Syrup बरामद की है, जिसकी कुल मात्रा 2600 एमएल और कीमत 41,247 रुपये बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 24-25 नवंबर की दरम्यानी रात घरघोड़ा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति घरघोड़ा-लैलूंगा रोड स्थित ढोरम बाईपास तिराहा के पास भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली सिरप लेकर ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना पर TI निरीक्षक कुमार गौरव साहू ने पुलिस टीम के साथ मौके पर घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान कन्हैया यादव (23 वर्ष), निवासी ग्राम केनापारा, थाना लैलूंगा और तेज राम यादव (34 वर्ष), निवासी ग्राम कोनपारा, थाना घरघोड़ा के रूप में हुई। तलाशी के दौरान कन्हैया यादव के कब्जे से 17 शीशी और तेज राम यादव के कब्जे से 9 शीशी ONEREX Cough Syrup बरामद की गई। प्रत्येक शीशी में 100 एमएल सिरप थी। इस तरह पुलिस ने कुल 26 शीशी, 2600 एमएल नशीली सिरप जब्त की।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 367/2026 के तहत धारा 21(सी), 29 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त SP अनिल सोनी के मार्गदर्शन और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के पर्यवेक्षण में TI कुमार गौरव साहू, प्रशिक्षु उप निरीक्षक सिद्धांत येरेवार, एएसआई खेमराज पटेल, आरक्षक हरीश पटेल एवं भानू चन्द्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले कारोबारियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आम नागरिकों से भी नशे के अवैध कारोबार की सूचना पुलिस को देने की अपील की है।






