Home / Entertainment / रामायण’ का ग्लोबल कैंपेन लॉन्च, कल रिलीज होगा इंटरनेशनल ट्रेलर

रामायण’ का ग्लोबल कैंपेन लॉन्च, कल रिलीज होगा इंटरनेशनल ट्रेलर

ख़बर शेयर करें:

नमित मल्होत्रा, नितेश तिवारी और यश ने साझा किया विजन, 5 नवंबर 2026 को दुनियाभर में रिलीज होगी फिल्म का पहला भाग

मुंबई। भारतीय महाकाव्य ‘रामायण’ को वैश्विक स्तर पर दर्शकों तक पहुंचाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। फिल्म निर्माता नमित मल्होत्रा, निर्देशक नितेश तिवारी और अभिनेता यश ने ‘रामायण’ के ग्लोबल कैंपेन की घोषणा की है। इस अभियान के तहत फिल्म का इंटरनेशनल ट्रेलर 15 अक्टूबर को रिलीज किया जाएगा। सोनी पिक्चर्स के सहयोग से शुरू किए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य भारत की महान सांस्कृतिक गाथाओं में से एक को दुनियाभर के दर्शकों तक पहुंचाना है।

नमित मल्होत्रा ने नितेश तिवारी और यश के साथ सोशल मीडिया पर साझा पोस्ट के माध्यम से फिल्म के पीछे की सोच और अपने वैश्विक विजन को सामने रखा। पोस्ट में उन्होंने कहा कि ‘रामायण’ बनाने की शुरुआत से ही उनका सपना इस कालजयी भारतीय कहानी को पूरी दुनिया तक पहुंचाना रहा है। इंटरनेशनल कैंपेन की शुरुआत इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। फिल्म के माध्यम से उन दर्शकों तक भी इस महागाथा को पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा, जो पहली बार इसकी कहानी से परिचित होंगे।

सोशल मीडिया पोस्ट को अंग्रेजी के साथ हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में भी साझा किया गया है। इससे विभिन्न भाषाई क्षेत्रों के दर्शकों तक फिल्म का संदेश पहुंचाने की कोशिश की गई है। पोस्ट में ‘भारत से, पूरी दुनिया तक’ का संदेश देते हुए भारतीय सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने पर गर्व व्यक्त किया गया है।

नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही इस भव्य फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज ने विजुअल इफेक्ट्स कंपनी डीएनईजी (DNEG) और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स के साथ मिलकर किया है।

‘रामायण’ को दो भागों में रिलीज करने की योजना है। फिल्म का पहला भाग 5 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगा, जबकि दूसरा भाग दिवाली 2027 के अवसर पर रिलीज किया जाएगा। फिल्म हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में उपलब्ध होगी। दर्शक इसे आईमैक्स (IMAX) प्रारूप में भी देख सकेंगे।

वितरण व्यवस्था के तहत सोनी पिक्चर्स भारत को छोड़कर दुनियाभर में फिल्म का वितरण करेगी, जबकि हिंदी भाषी बाजार में वितरण की जिम्मेदारी धर्मा प्रोडक्शंस संभालेगा। इंटरनेशनल ट्रेलर के रिलीज होने के साथ ही फिल्म के वैश्विक प्रचार अभियान को नई गति मिलने की उम्मीद है। भारतीय महाकाव्य को बड़े पर्दे पर भव्य सिनेमाई अनुभव के रूप में प्रस्तुत करने की यह पहल फिल्म को अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक पहुंचाने की दिशा में अहम मानी जा रही है।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *