Home / Chhattisgarh / मेडिकल कॉलेज के प्रथम बैच के विद्यार्थियों से उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया संवाद…

मेडिकल कॉलेज के प्रथम बैच के विद्यार्थियों से उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया संवाद…

कवर्धा,16 सितंबर। कबीरधाम जिले के शासकीय नवीन मेडिकल कॉलेज में बुधवार को नए शैक्षणिक सत्र एवं प्रथम बैच के विद्यार्थियों के प्रथम दिवस के अवसर पर विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। सुबह करीब 10 बजे शुरू हुए कार्यक्रम में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई, कॉलेज की व्यवस्थाओं और चिकित्सा शिक्षा से जुड़ी अपेक्षाओं के संबंध में चर्चा की।

कार्यक्रम में कबीरधाम कलेक्टर तुलिका प्रजापति (IAS), कवर्धा सांसद संतोष पांडेय, भाजपा जिला अध्यक्ष राजेन्द्र चंद्रवंशी, मेडिकल कॉलेज की डीन प्रोफेसर डॉ. प्रतिभा जैन साह सहित शैक्षणिक एवं प्रशासनिक स्टाफ मौजूद रहा। संबद्ध चिकित्सालय के अधीक्षक डॉ. सुरेश ठाकुर, जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी.के. तुर्रे तथा जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. केशव ध्रुव भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

विद्यार्थियों से संवाद के दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि मेडिकल कॉलेज की शुरुआत कबीरधाम जिले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने विद्यार्थियों को पूरी लगन और मेहनत के साथ अध्ययन करने तथा चिकित्सा के क्षेत्र में बेहतर सेवाएं देने के उद्देश्य से अपनी शिक्षा पूरी करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज केवल चिकित्सा शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपने अध्ययन के साथ मानवीय संवेदनाओं को भी प्राथमिकता दें और भविष्य में समाज की सेवा के लिए स्वयं को तैयार करें।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भी उपमुख्यमंत्री के साथ संवाद किया और मेडिकल कॉलेज में उपलब्ध सुविधाओं, अध्ययन व्यवस्था तथा अपनी अपेक्षाओं से अवगत कराया। प्रथम बैच के विद्यार्थियों के लिए यह संवाद विशेष अवसर रहा। कॉलेज परिसर में विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल दिखाई दिया।

कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाओं से संबंधित जानकारी ली तथा विद्यार्थियों के लिए आवश्यक सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने पर जोर दिया। डीन प्रोफेसर डॉ. प्रतिभा जैन साह सहित चिकित्सकों और कॉलेज स्टाफ ने कार्यक्रम में सहभागिता की।

कार्यक्रम में संबद्ध चिकित्सालय के अधीक्षक डॉ. सुरेश ठाकुर, सीएमएचओ डॉ. डी.के. तुर्रे और जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. केशव ध्रुव की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का मंच संचालन सहायक प्राध्यापक डॉ. मोनिका कुंजाम ने किया।

कबीरधाम में मेडिकल कॉलेज के प्रथम बैच की शुरुआत जिले में चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कदम है। इससे स्थानीय विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा का अवसर मिलने के साथ जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में भी नई संभावनाएं बनी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *