Home / Chhattisgarh / मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बीरगांव को दी 135 करोड़ की विकास सौगात, 110 करोड़ के नए कार्यों की घोषणा

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बीरगांव को दी 135 करोड़ की विकास सौगात, 110 करोड़ के नए कार्यों की घोषणा

रायपुर, 23 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुधवार को नगर निगम बीरगांव क्षेत्र को 135 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। साथ ही बीरगांव में करीब 110 करोड़ रुपये के नए विकास कार्यों की घोषणा की। इनमें सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, पेयजल, सड़क-नाली, खेल मैदान, नालंदा परिसर, स्ट्रीट लाइट और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में अब कोई बाधा नहीं है और प्रदेश में विकास की गति और तेज होगी। बीरगांव तेजी से विकसित हो रहा शहरी क्षेत्र है। बढ़ती आबादी और औद्योगिक गतिविधियों को देखते हुए यहां बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए सरकार योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है।

एसटीपी के लिए 82 करोड़ और पेयजल के लिए 10 करोड़

मुख्यमंत्री ने बीरगांव में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के निर्माण के लिए 82 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। वहीं ओवरहेड टैंक एवं पाइपलाइन विस्तार के लिए 10 करोड़ रुपये, सड़क एवं नाली निर्माण के लिए 5 करोड़ रुपये तथा सरोरा में खेल मैदान के विकास के लिए 5 करोड़ रुपये दिए जाएंगे।

विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए बीरगांव में आधुनिक सुविधाओं से युक्त नालंदा परिसर बनाया जाएगा। इसके लिए 5 करोड़ रुपये की घोषणा की गई है। बीरगांव में मॉडल रजिस्ट्री कार्यालय और छत्तीसगढ़ विद्युत मंडल का जोन कार्यालय शुरू करने की घोषणा भी मुख्यमंत्री ने की।

स्टेट कैपिटल रीजन में शामिल बीरगांव का होगा सुनियोजित विकास

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि रायपुर, दुर्ग-भिलाई और आसपास के क्षेत्रों को मिलाकर स्टेट कैपिटल रीजन विकसित किया जा रहा है, जिसमें बीरगांव भी शामिल है। इसके तहत क्षेत्र के सुनियोजित और दीर्घकालीन विकास के लिए रोडमैप तैयार किया जाएगा। इससे बीरगांव में आधुनिक शहरी अधोसंरचना और नागरिक सुविधाओं के विकास को नई गति मिलेगी।

सात क्षेत्रों के पात्र परिवारों को मिलेंगे आवासीय पट्टे

मुख्यमंत्री ने रावांभाठा, बंजारी नगर, शक्तिपारा, मठपारा, शीतलापारा, उरकुरा और मजदूर नगर सरोरा में सर्वे कराने की घोषणा की। सर्वे के बाद पात्र परिवारों को नियमानुसार आवासीय पट्टे दिए जाएंगे।

दो नए अग्निशमन वाहन सौंपे, सफाई मित्रों का किया सम्मान

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों का गृह प्रवेश कराया और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को प्रोत्साहन राशि के डेमो चेक प्रदान किए। उन्होंने सफाई मित्रों और स्वच्छता दीदियों के पांव धुलवाकर, तिलक लगाकर और आरती उतारकर उनका सम्मान किया।

मुख्यमंत्री ने बीरगांव नगर निगम को दो नए अग्निशमन वाहन भी सौंपे। इससे क्षेत्र में आपातकालीन और अग्निशमन सेवाओं को मजबूती मिलेगी। वहीं ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत शासकीय महाविद्यालय परिसर में रुद्राक्ष का पौधा लगाया।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव सहित सांसद, विधायक, महापौर, अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *