मुंगेली, 13 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में निर्माणाधीन हाई स्कूल भवन से सरिया चोरी करने के मामले में डिंडौरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के 20 बंडल सरिया और वारदात में इस्तेमाल ट्रैक्टर जब्त किया है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 3 लाख 44 हजार 435 रुपये बताई गई है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम लीलापुर में आर.जे. कंस्ट्रक्शन द्वारा हाई स्कूल भवन का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण स्थल पर रखे अग्रोहा कंपनी के 10 एमएम के सरिया के 24 बंडल में से चोरी की शिकायत विवेक सिंह निवासी गांधीडीह, विनय विहार कॉलोनी लोरमी ने डिंडौरी चौकी, थाना चिल्फी में दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, 9 से 10 अक्टूबर 2026 की मध्यरात्रि अज्ञात आरोपियों ने सरिया चोरी कर लिया था। मामले में अपराध क्रमांक 143/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ SP भोजराम पटेल के निर्देश पर पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आरोपियों की तलाश शुरू की। अतिरिक्त SP डॉ. प्रशांत शुक्ला और उप SP माधुरी धिरही के मार्गदर्शन में मुखबिरों तथा तकनीकी माध्यमों की मदद से संदेहियों की पहचान की गई।
पूछताछ के दौरान पुलिस ने रवि कुमार धुर्वे को हिरासत में लिया। पुलिस के मुताबिक, उसने अपने चार साथियों शुभम सिंह धुर्वे, जय कुमार पोर्ते, राहुल सिंह धुर्वे और विरेन्द्र कुमार मरकाम के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के 20 बंडल सरिया, जिसकी कीमत 84,435 रुपये है, तथा वारदात में प्रयुक्त नीले रंग का स्वराज 735 ट्रैक्टर क्रमांक CG 09 JS 4880, जिसकी कीमत 2 लाख 60 हजार रुपये है, जब्त किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में रवि कुमार धुर्वे (27), शुभम सिंह धुर्वे (25), जय कुमार पोर्ते (27) और राहुल सिंह धुर्वे (24), सभी निवासी खैरडोंगरी, थाना पंडरिया, जिला कबीरधाम, तथा विरेन्द्र कुमार मरकाम (22), निवासी मदनपुर, थाना पंडरिया, जिला कबीरधाम शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को 12 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
इस कार्रवाई में डिंडौरी चौकी प्रभारी हर्षा वर्मा, उप निरीक्षक मान सिंह, प्रधान आरक्षक श्याम डहरिया, गुलाब सिंह, आरक्षक पवन गंधर्व और संजय पात्रे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।







