नई दिल्ली ,10 सितंबर : भारत और बांग्लादेश के बीच महिला T20 एशिया कप 2026 का पहला सेमीफाइनल खेला जाना है. ये मुकाबला दुबई के इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम पर भारतीय समयानुसार रात 8 बजे से खेला जाएगा. ये मुकाबला फाइनल की फाइट है, जिसके लिए दोनों टीमें कमर कसकर तैयार हैं. वैसे तो दोनों टीमों के बीच कोई मुकाबला नहीं. कागज पर हो या मैदान पर टीम इंडिया का पलड़ा बांग्लादेश पर कहीं ज्यादा भारी है. बावजूद इसके बांग्लादेश की कप्तान ने सेमीफाइनल से पहले जो कहा है, उसके बाद सवाल पूछना बनता है कि क्या टूटेगा 22 साल का सिलसिला?
सेमीफाइनल से पहले बांग्लादेश की कप्तान ने क्या कहा?
बांग्लादेश की कप्तान निगार सुल्ताना ने सेमीफाइनल से पहले दो बातें कही. पहला हम अपना 100 प्रतिशत देंगे और दूसरा हम अपने प्लान को अच्छे से अमल में लाएंगे. इन दो बातों का जिक्र करते हुए उन्होंने टीम इंडिया के दमखम की तारीफ भी की. निगार सुल्ताना ने कहा कि वो काफी मजबूत टीम है और हमें हर डिपार्टमेंट में अपना बेस्ट देना होगा.
तो क्या टूटेगा 22 साल का सिलसिला?
बांग्लादेश ने भारत के खिलाफ सेमीफाइनल में अपना 100 प्रतिशत देने का डंका ग्रुप स्टेज के आखिरी मैच में UAE को हराने का बाद पीटा था. बांग्लादेश ने अपने प्लान को सही से अमल में लाने की बात की लेकिन उन्हें याद रखना होगा कि भारत 2004 से अब तक महिला एशिया कप के सारे फाइनल खेला है. अगर उन्हें अपना बेस्ट देते हुए फाइनल तक पहुंचना है तो फिर टीम इंडिया के 22 साल के सिलसिले को तोड़ना होगा. क्या बांग्लादेश की महिला टीम ये ऐतिहासिक कारनामा कर पाएंगी? सवाल बड़ा है.
सेमीफाइनल से पहले 2 बड़े सवालों के जवाब
आइए अब जरा उन 2 सवालों के जवाब जान लेते हैं, जिसके बारे में सेमीफाइनल मुकाबले से पहले जानना जरूरी है.
भारत-बांग्लादेश का WT20I में रिकॉर्ड कैसा है?
WT20I में भारत का पलड़ा बांग्लादेश पर भारी है. दोनों टीमों के बीच अब तक खेले 21 मुकाबलों में भारत ने 18 जीते हैं और बांग्लादेश ने सिर्फ 3 मैच. हालांकि, एशिया कप 2018 के फाइनल में एक बार बांग्लादेश ने भारत को हराया था. इसका मतलब है कि उसमें उलटफेर की क्षमता है.
भारत-बांग्लादेश का सेमीफाइनल मैच किस चैनल पर प्रसारित होगा?
भारत-बांग्लादेश का सेमीफाइनल मैच Sony Sports Network पर प्रसारित होगा. वहीं इसकी लाइव स्ट्रीमिंग SonyLIV एप पर की जाएगी.







