Home / Chhattisgarh / बिलासपुर पुलिस का बड़ा अभियान: 150 लोगों को मिले गुम मोबाइल, 30 लाख रुपये के फोन बरामद; सालभर में 1500 मोबाइल रिकवर

बिलासपुर पुलिस का बड़ा अभियान: 150 लोगों को मिले गुम मोबाइल, 30 लाख रुपये के फोन बरामद; सालभर में 1500 मोबाइल रिकवर

ख़बर शेयर करें:

बिलासपुर, 05 नवंबर 2026। दीपावली के अवसर पर बिलासपुर पुलिस ने 150 लोगों के चेहरों पर मुस्कान लौटाई है। पुलिस ने गुम हुए 150 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंपे। बरामद मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये है। पुलिस के चेतना अभियान के तहत 5 नवंबर को चेतना सभागार में आयोजित ‘अर्पण कार्यक्रम’ में यह मोबाइल लोगों को सौंपे गए।

पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ SP रजनेश सिंह के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम की थीम ‘आपकी एक आस, आपकी अमानत, आपके पास’ रखी गई थी। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे खिल उठे। कई लोगों के लिए यह दीपावली का यादगार उपहार साबित हुआ।

कई लोगों के लिए भावुक पल बना मोबाइल मिलना

गुम मोबाइल वापस मिलने के दौरान कई भावुक कहानियां भी सामने आईं। एक बहन को रक्षाबंधन पर भाई द्वारा उपहार में दिया गया मोबाइल वापस मिला, जिससे उसकी खुशी लौट आई। वहीं, अस्पताल में इलाज के दौरान एक बुजुर्ग महिला का गुम हुआ फोन भी पुलिस ने खोज निकाला।

एक बेटी ने अपनी पहली कमाई से मां को मोबाइल उपहार में दिया था, लेकिन वह एक महीने के भीतर ही गुम हो गया था। मोबाइल वापस मिलने पर पूरा परिवार भावुक नजर आया। इसके अलावा परीक्षा के दौरान मोबाइल गंवाने वाली उच्च न्यायालय बिलासपुर की एक अधिवक्ता और एक बुजुर्ग दिव्यांग व्यक्ति को भी उनका फोन वापस मिला।

मोबाइल रिकवरी में छत्तीसगढ़ में पहले स्थान पर बिलासपुर पुलिस

बिलासपुर जिले के विभिन्न थानों में मोबाइल गुम होने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अतिरिक्त SP (ग्रामीण एवं ACCU) मधुलिका सिंह के मार्गदर्शन में ACCU की टीम ने मोबाइल रिकवरी अभियान चलाया। टीम ने छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों के साथ सीमावर्ती राज्यों से भी गुम मोबाइल बरामद किए।

पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक करीब 1500 मिसिंग मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए जा चुके हैं। इस उपलब्धि के साथ बिलासपुर पुलिस मोबाइल रिकवरी के मामले में पूरे छत्तीसगढ़ में प्रथम स्थान पर बनी हुई है।

साइबर ठगी से बचाव के लिए किया जागरूक

अर्पण कार्यक्रम के दौरान ACCU (साइबर सेल) प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी एवं उनकी टीम ने नागरिकों को ऑनलाइन ठगी और साइबर फ्रॉड के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी। लोगों को बताया गया कि किस तरह सतर्कता बरतकर साइबर अपराधियों से बचा जा सकता है।

इसके साथ ही भारत सरकार के ‘संचार साथी’ ऐप के उपयोग और उसकी सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। नागरिकों को मोबाइल फोन और व्यक्तिगत डेटा की सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में ये अधिकारी रहे मौजूद

अर्पण कार्यक्रम में अतिरिक्त SP (ग्रामीण एवं ACCU) मधुलिका सिंह, अतिरिक्त SP (शहर) पंकज कुमार पटेल, डीएसपी (क्राइम एवं ACCU) सुदीप सरकार और ACCU प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने बिलासपुर पुलिस के चेतना अभियान और इस मानवीय पहल की सराहना की। पुलिस की इस कार्रवाई से न केवल लोगों की खोई हुई अमानत वापस मिली, बल्कि आम नागरिकों में पुलिस के प्रति विश्वास भी मजबूत हुआ।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *