Home / Chhattisgarh / बिलाईगढ़ नगर पंचायत अध्यक्ष उपचुनाव में रामनारायण देवांगन की दावेदारी मजबूत, तीन दशक का संगठनात्मक अनुभव बना प्रमुख आधार

बिलाईगढ़ नगर पंचायत अध्यक्ष उपचुनाव में रामनारायण देवांगन की दावेदारी मजबूत, तीन दशक का संगठनात्मक अनुभव बना प्रमुख आधार

ख़बर शेयर करें:

सारंगढ़, 23 नवंबर 2026। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के बिलाईगढ़ नगर पंचायत अध्यक्ष पद के प्रस्तावित उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में अध्यक्ष पद के संभावित उम्मीदवारों को लेकर चर्चाओं के बीच भाजपा जिला मंत्री एवं नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष रामनारायण देवांगन ने अपनी दावेदारी पेश की है। लगभग तीन दशक का राजनीतिक एवं संगठनात्मक अनुभव, नगर पंचायत के प्रशासनिक संचालन की समझ और नगर के विकास के लिए शासन स्तर पर स्वीकृत कराई गई विभिन्न योजनाओं को उनकी दावेदारी का प्रमुख आधार माना जा रहा है।

रामनारायण देवांगन ने वर्ष 1999 में छात्रसंघ अध्यक्ष के रूप में अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की थी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़कर उन्होंने संगठनात्मक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाई। इसके बाद युवा मोर्चा मंडल उपाध्यक्ष, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष, भाजपा मंडल अध्यक्ष, जिला महामंत्री युवा मोर्चा और जिला महामंत्री पिछड़ा वर्ग मोर्चा सहित विभिन्न पदों पर जिम्मेदारियां निभाईं। वर्तमान में वे भाजपा जिला मंत्री के रूप में संगठन में सक्रिय हैं। वर्ष 2014 से 2019 तक वे निर्विरोध पार्षद एवं नगर पंचायत के कार्यवाहक अध्यक्ष रहे। इसके बाद मार्च 2024 से 5 जनवरी 2025 तक नगर पंचायत अध्यक्ष के रूप में भी जिम्मेदारी संभाली।

पार्टी के प्रति उनकी निरंतर सक्रियता और संगठन के लिए समर्पण उनकी राजनीतिक यात्रा का महत्वपूर्ण पक्ष रहा है। वर्ष 2009 में उन्होंने अपनी भाभी गीता देवी देवांगन के लिए भाजपा से अध्यक्ष पद की दावेदारी प्रस्तुत की थी। इसके बाद वर्ष 2014 और 2020 में स्वयं भी अध्यक्ष पद के लिए दावेदारी की, लेकिन पार्टी ने उन्हें अधिकृत प्रत्याशी नहीं बनाया। इसके बावजूद उन्होंने संगठन से दूरी नहीं बनाई और लगातार पार्टी की जिम्मेदारियों का निर्वहन करते रहे।

वर्ष 2025 में भाजपा ने उन्हें नगर पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में अधिकृत प्रत्याशी बनाया। हालांकि, चुनाव में उन्हें निर्दलीय प्रत्याशी दामोदर दुबे से पराजय का सामना करना पड़ा और वे दूसरे स्थान पर रहे। स्थानीय राजनीतिक परिस्थितियों के बीच दामोदर दुबे के पक्ष में सहानुभूति की लहर बनने को भी उनकी जीत का एक कारण माना गया। अब अध्यक्ष पद के उपचुनाव की संभावनाओं के बीच देवांगन की दावेदारी और उनके पूर्व कार्यकाल में शुरू कराए गए विकास कार्यों की चर्चा फिर से होने लगी है।

नगर पंचायत अध्यक्ष के रूप में सीमित कार्यकाल के दौरान उन्होंने अक्टूबर, नवंबर और दिसंबर के लगभग तीन महीनों में कई निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों को गति देने की पहल की थी। इनमें वार्ड क्रमांक 7 में खेल उद्यान, वार्ड क्रमांक 6 में सामुदायिक भवन, भव्य अटल परिसर, गौरव पथ निर्माण का शुभारंभ, टिकरीपारा तालाब का सौंदर्यीकरण, मां समलाई मंदिर परिसर में गार्डन का विकास, देवांगन समाज के सामुदायिक भवन का निर्माण तथा मुक्तिधाम में सीसी रोड सहित विभिन्न वार्डों में सड़क और नाली निर्माण के कार्य शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त लगभग पांच करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों को स्वीकृति दिलाने और निविदा प्रक्रिया तक पहुंचाने के लिए भी प्रयास किए गए। उनका कहना है कि इन योजनाओं के माध्यम से नगर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में पहल की गई।

चुनाव में पराजय के बाद भी बिलाईगढ़ के विकास के लिए शासन स्तर पर प्रयास जारी रखने का दावा किया जा रहा है। गौरव पथ निर्माण के तीसरे चरण में दिनेश शर्मा के घर से राजू अग्रवाल के घर तक सड़क निर्माण के लिए 1 करोड़ 21 लाख 64 हजार रुपये की स्वीकृति मिली है। यह कार्य निविदा प्रक्रिया में है। इसी तरह नगर की नालियों और जल निकासी व्यवस्था को व्यवस्थित करने के लिए एसटीपी योजना के तहत 2 करोड़ 64 लाख रुपये स्वीकृत किए जाने की जानकारी है।

जल आवर्धन योजना के संचालन और पाइपलाइन विस्तार के लिए उपमुख्यमंत्री अरुण साव के साथ समन्वय एवं प्रयासों से 1 करोड़ 76 लाख 32 हजार रुपये की स्वीकृति प्राप्त होने की बात भी सामने आई है। इस कार्य की निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इन योजनाओं के पूर्ण होने से नगर में पेयजल आपूर्ति और जल निकासी व्यवस्था में सुधार की उम्मीद है। देवांगन का लक्ष्य प्रत्येक घर तक नियमित रूप से दिन में तीन समय पेयजल उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करना है।

बिलाईगढ़ के ऐतिहासिक राजशाही दशहरा महोत्सव में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा क्षेत्र के विकास के लिए पांच महत्वपूर्ण घोषणाएं भी की गई थीं। इनमें बस स्टैंड से हायर सेकेंडरी स्कूल तक लगभग तीन करोड़ रुपये की लागत से गौरव पथ निर्माण, वार्ड क्रमांक 15 में मुक्तिधाम के लिए एक करोड़ रुपये, मां समलाई माता मंदिर में डोम शेड निर्माण के लिए 30 लाख रुपये, राजमहल पहुंच मार्ग पर पुलिया निर्माण तथा बिलाईगढ़ में अपर कलेक्टर न्यायालय की स्थापना शामिल हैं। इन मांगों को मुख्यमंत्री तक पहुंचाने की प्रक्रिया में राजपरिवार का विशेष योगदान रहा। देवांगन के अनुसार, इन घोषणाओं से संबंधित मांग पत्र उन्होंने तैयार किया था और पूर्व विधायक सनम जांगड़े के माध्यम से मुख्यमंत्री के समक्ष क्षेत्र की आवश्यकताओं को रखा था।

भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और प्रदेश नेतृत्व के साथ भी देवांगन का लंबे समय से संगठनात्मक संपर्क रहा है। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल तथा उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन, लोक निर्माण और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री अरुण साव के साथ उनके राजनीतिक एवं संगठनात्मक संबंधों को भी उनकी दावेदारी के संदर्भ में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

रामनारायण देवांगन का कहना है कि बिलाईगढ़ का सर्वांगीण विकास, नगरवासियों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना, किसानों की समस्याओं का समाधान करना और आने वाली पीढ़ियों के लिए एक विकसित नगर तैयार करना उनकी प्राथमिकता है। संगठन में लंबे अनुभव, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष के रूप में प्रशासनिक कार्यों की समझ और विकास योजनाओं को शासन स्तर तक पहुंचाने के प्रयासों के आधार पर वे भाजपा से अध्यक्ष पद के लिए अपनी दावेदारी को मजबूत मान रहे हैं। हालांकि, उपचुनाव में भाजपा का अधिकृत प्रत्याशी कौन होगा, इसका अंतिम निर्णय पार्टी नेतृत्व को लेना है।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *